न्यायपालिका में ईमानदारी जरूरी, एक भी नकारात्मक टिप्पणी जबरन रिटायरमेंट के लिए काफी...गुजरात HC का कड़ा संदेश

गुजरात हाई कोर्ट ने कहा है कि किसी भी न्यायाधीश के खिलाफ एक भी प्रतिकूल टिप्पणी या ईमानदारी पर सवाल उठना अनिवार्य सेवानिवृत्ति के लिए पर्याप्त है. कोर्ट ने जे.के. आचार्य की याचिका खारिज करते हुए यह स्पष्ट किया कि न्यायाधीश को पूर्ण ईमानदार और उच्च नैतिक मूल्यों वाला होना चाहिए. अनिवार्य सेवानिवृत्ति जनहित में लिया गया निर्णय है, जो न्यायपालिका की गरिमा बनाए रखने के लिए जरूरी है.

Utsav Singh
Edited By: Utsav Singh

Gujarat HC Stern Message : गुजरात हाई कोर्ट ने न्यायाधीशों की ईमानदारी और नैतिकता को लेकर स्पष्ट और कड़ा रुख अपनाया है. कोर्ट ने कहा है कि किसी भी न्यायाधीश के खिलाफ एक भी प्रतिकूल टिप्पणी या उसके ईमानदारी पर सवाल उठना अनिवार्य सेवानिवृत्ति के लिए पर्याप्त माना जाएगा. यह फैसला न्यायपालिका में विश्वास बनाए रखने और उच्च मानकों को बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है.

जे.के. आचार्य की याचिका खारिज

आपको बता दें कि यह टिप्पणी मंगलवार को जस्टिस ए.एस. सुपेहिया और एल.एस. पिरजादा की खंडपीठ ने 2016 में अनिवार्य सेवानिवृत्त किए गए जे.के. आचार्य की याचिका खारिज करते हुए दी. आचार्य ने हाई कोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी थी जिसमें उनकी अनिवार्य सेवानिवृत्ति का निर्णय लिया गया था. हालांकि कोर्ट ने स्पष्ट कर दिया कि अनिवार्य सेवानिवृत्ति कोई दंड नहीं बल्कि जनहित में लिया गया फैसला है.

न्यायाधीश पूर्ण ईमानदार और नैतिक मूल्यों का होना चाहिए
कोर्ट ने यह भी कहा कि न्यायाधीश को पूर्ण ईमानदार और उच्च नैतिक मूल्यों वाला होना आवश्यक है क्योंकि वह जनता के ‘विश्वास का पद’ संभालता है. इस पद पर काम करने वाला व्यक्ति सदैव जनता के विश्वास के योग्य होना चाहिए और न्याय के मानकों को बनाए रखना चाहिए. कोर्ट ने यह भी कहा कि इस प्रक्रिया में न्यायाधीश को शो-कॉज नोटिस देना आवश्यक नहीं होता.

न्यायपालिका की गरिमा और नैतिकता को प्राथमिकता
गुजरात हाई कोर्ट ने इस फैसले के माध्यम से न्यायपालिका की गरिमा और नैतिकता को प्राथमिकता दी है. यह रुख न्याय व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने का प्रयास है. न्यायाधीशों के लिए यह एक चेतावनी भी है कि वे अपने कर्तव्यों के प्रति पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करें, ताकि जनता का न्याय व्यवस्था पर भरोसा बना रहे.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो