RJD से सियासी सफर शुरू, 19 की उम्र में मंत्री बने फिर बर्खास्त… कौन हैं सम्राट चौधरी, जो बनेंगे बिहार के 24वें CM

सम्राट चौधरी बिहार के 24वें मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं. सियासत उनके खून में है. पिता शकुनी चौधरी बिहार के दिग्गज नेता रहे हैं. सम्राट ने अपना राजनीतिक सफर RJD से शुरू किया, फिर JDU का रास्ता अपनाया और अब BJP में आकर नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

बिहार राजनीति में एक नया अध्याय शुरू हो गया है. सम्राट चौधरी को बिहार का नया मुख्यमंत्री चुना गया है. वे राज्य के 24वें मुख्यमंत्री होंगे. राजनीतिक विरासत में मिली सियासत के साथ सम्राट चौधरी ने लंबा सफर तय किया है और अब मुख्यमंत्री पद तक पहुंच गए हैं.

सम्राट चौधरी का राजनीतिक सफर कई उतार-चढ़ावों भरा रहा है. उन्होंने अपनी सियासी शुरुआत राष्ट्रीय जनता दल से की थी, फिर जेडीयू होते हुए अंत में भाजपा में शामिल हुए. उनके पिता शकुनी चौधरी बिहार के दिग्गज समाजवादी नेता रहे हैं.

सम्राट चौधरी का राजनीतिक सफर

सम्राट चौधरी को राजनीति विरासत में मिली. उनके पिता शकुनी चौधरी लालू प्रसाद यादव के करीबी रहे और बाद में नीतीश कुमार के साथ जुड़े. सम्राट ने भी अपने पिता के सानिध्य में राजनीति की शुरुआत की. दिलचस्प बात यह है कि वे आज जिस आरजेडी और लालू परिवार का विरोध करते हैं, उसी आरजेडी की पाठशाला से उन्होंने राजनीति के शुरुआती सबक सीखे थे.

RJD से शुरुआत और 19 साल की उम्र में मंत्री

सम्राट चौधरी ने महज 19 साल की उम्र में पहली बार मंत्री पद संभाला था. वे तत्कालीन आरजेडी सरकार में कृषि राज्य मंत्री बने थे. उस समय उनके लिए एक खास विभाग भी बनाया गया था. हालांकि उनकी युवा उम्र को लेकर विवाद खड़ा हो गया और उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर दिया गया.

उम्र विवाद और बर्खास्तगी

1999 में सम्राट चौधरी की उम्र को लेकर बड़ा विवाद हुआ था. तत्कालीन राज्यपाल सूरजभान ने उन्हें कम उम्र होने के कारण मंत्रिमंडल से हटा दिया था. राज्यपाल ने उनके खिलाफ फर्जीवाड़ा, गलत बयानी और धोखाधड़ी का मामला दर्ज करने का भी आदेश दिया था. डॉक्यूमेंट में उनकी उम्र को लेकर विसंगतियां पाई गई थीं. स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट और अन्य कागजात में अलग-अलग उम्र बताई गई थी.

कई दलों का सफर

सम्राट चौधरी ने आरजेडी से राजनीति शुरू की, फिर जेडीयू में शामिल हुए. 2014 में जीतन राम मांझी सरकार में वे मंत्री भी रहे. बाद में उन्होंने जेडीयू छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया. अब भाजपा के चेहरे के रूप में वे बिहार के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं.

कर्पूरी ठाकुर के बाद दूसरा डिप्टी CM से सीएम

सम्राट चौधरी ने एक बड़ा मिथक भी तोड़ा है. वे बिहार के दूसरे ऐसे नेता हैं जो पहले डिप्टी सीएम रहे और अब मुख्यमंत्री बन गए हैं. उनसे पहले केवल कर्पूरी ठाकुर ही इस उपलब्धि को हासिल कर सके थे. कई अन्य उपमुख्यमंत्री इस मुकाम तक नहीं पहुंच पाए.

व्यक्तिगत जीवन

16 नवंबर 1968 को जन्मे सम्राट चौधरी की उम्र फिलहाल 57 साल है. उनकी शादी ममता कुमारी से हुई है. उनके एक बेटा और एक बेटी है. पिता शकुनी चौधरी और माता पार्वती देवी के नाम से वे जाने जाते हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो