Video: महाराष्ट्र में भारी बारिश के बीच गिरा सदियों पुराना किला, अकोला की ऐतिहासिक धरोहर धराशायी
महाराष्ट्र के अकोला जिले के बालापुर के पास स्थित एक सदियों पुराना किला गुरुवार को भारी बारिश के चलते ढह गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. गनीमत रही कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ.

Akola Fort Collapse: महाराष्ट्र के अकोला जिले में स्थित बालापुर के समीप एक प्राचीन किले का हिस्सा गुरुवार को अचानक गिर गया. बताया जा रहा है कि यह हादसा लगातार हो रही भारी बारिश और वर्षों से रखरखाव की कमी के कारण हुआ. गनीमत यह रही कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ. इघटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे तेज बारिश के बीच किले की दीवारें पहले डगमगाईं और फिर जमीन पर आ गिरीं. इस हादसे ने महाराष्ट्र और देशभर में मौजूद ऐतिहासिक धरोहरों की दुर्दशा और संरक्षण की कमी को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है. स्थानीय नागरिकों और इतिहासकारों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं.
#भारतीय_पुरातत्व_विभागाच्या अक्षम्य दुर्लक्षामुळे @InfoAkola जिल्हयातील #बाळापूर च्या किल्ल्याचे मोठे नुकसान झाले आहे, #पुरातत्त्व विभागाबद्दल जनतेच्या मनात प्रचंड रोष आहे, बाळापुर चा किल्ला नुसता किल्ला नसून स्थापत्य कलेचा अद्भुत नमुना आहे, pic.twitter.com/T8txNW7vl0
— Gopal Pohare patil (@PohareGopal) July 24, 2025
भारी बारिश और लापरवाही बनी किले के ढहने की वजह
प्रारंभिक रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीते कुछ हफ्तों से अकोला जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने इस प्राचीन किले की नींव को कमजोर कर दिया था. किले की संरचना पहले से ही जर्जर हालत में थी और वर्षों से इसका कोई उचित रखरखाव नहीं किया गया था. ऐसे में पानी का लगातार दबाव और मिट्टी का कटाव इसकी दीवारों को और कमजोर करता चला गया, जिसके चलते गुरुवार को इसका एक बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर गया.
राजा जयसिंह के समय का किला
स्थानीय इतिहासकारों का मानना है कि यह किला राजा जयसिंह के शासनकाल के दौरान बनाया गया था और यह महाराष्ट्र की समृद्ध वास्तुकला और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक रहा है. वर्षों तक यह किला स्थानीय गौरव का केंद्र रहा, लेकिन वर्तमान में यह प्रशासन की उपेक्षा का शिकार हो चुका है.
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और इतिहास प्रेमियों ने सरकार और पुरातत्व विभाग से मांग की है कि किले जैसी ऐतिहासिक संरचनाओं के संरक्षण के लिए तुरंत कदम उठाए जाएं. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया, तो देश की कई और ऐतिहासिक धरोहरें इसी तरह मलबे में तब्दील हो जाएंगी.
मुंबई में भारी बारिश, IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट
वहीं दूसरी ओर, मुंबई में भी शुक्रवार सुबह से भारी बारिश देखने को मिली है. अंधेरी, बोरीवली, दहिसर, मलाड, गोरेगांव, कांदिवली, सांताक्रूज, विले पार्ले और बांद्रा जैसे उपनगरों में लगातार बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है. ट्रैफिक की रफ्तार धीमी पड़ गई है, हालांकि अभी तक किसी बड़े जलभराव की सूचना नहीं मिली है.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की है. 25 जुलाई को सुबह 7:20 बजे जारी चेतावनी में बताया गया है कि मुंबई, ठाणे और पालघर के कुछ हिस्सों में आगामी 3-4 घंटों में मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है.


