लखनऊ मेट्रो में कल से QR टिकटिंग सुविधा की शुरुआत, घर बैठे ऐप से टिकट बुक कर सकेंगे यात्री

लखनऊ मेट्रो में क्यूआर कोड आधारित टिकट प्रणाली लागू की जा रही है. उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार सोमवार सुबह 10 बजे हजरतगंज मेट्रो स्टेशन से इस नई प्रणाली की औपचारिक शुरुआत करेंगे.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

लखनऊ मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों के लिए सोमवार से यात्रा व्यवस्था और अधिक आधुनिक और सुविधाजनक होने जा रही है. दिल्ली मेट्रो की तर्ज पर अब लखनऊ मेट्रो में भी क्यूआर कोड आधारित टिकट प्रणाली लागू की जा रही है, जिससे यात्रियों को टिकट लेने के लिए लंबी कतारों में खड़ा नहीं होना पड़ेगा. इस नई सुविधा के तहत यात्री मेट्रो के आधिकारिक मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे ही अपना टिकट बुक कर सकेंगे और सीधे स्टेशन पर पहुंचकर यात्रा शुरू कर सकेंगे.

हजरतगंज मेट्रो स्टेशन से औपचारिक शुरुआत

उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार सोमवार सुबह 10 बजे हजरतगंज मेट्रो स्टेशन से इस नई प्रणाली की औपचारिक शुरुआत करेंगे. लखनऊ मेट्रो के नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर, जो चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट से मुंशीपुलिया तक फैला है पर प्रतिदिन करीब 80 हजार यात्री यात्रा करते हैं. इस कॉरिडोर के कृष्णानगर, सिंगारनगर और हजरतगंज जैसे प्रमुख स्टेशन सबसे अधिक व्यस्त रहते हैं, जहां यात्रियों को टोकन लेने के लिए अक्सर लंबी लाइन में इंतजार करना पड़ता है.

कई बार सिंगारनगर और कृष्णानगर जैसे स्टेशनों पर टिकट लेने में यात्रियों को लगभग आधे घंटे तक इंतजार करना पड़ता है. इसी समस्या को दूर करने और यात्रा को आसान बनाने के उद्देश्य से यूपीएमआरसी ने क्यूआर कोड आधारित टिकटिंग प्रणाली लागू करने का फैसला किया है. इस व्यवस्था के तहत यात्री मोबाइल ऐप, टिकट काउंटर या टिकट वेंडिंग मशीन के माध्यम से क्यूआर टिकट प्राप्त कर सकेंगे.

मोबाइल ऐप से टिकट बुक करने पर यात्रियों को उनके फोन में डिजिटल क्यूआर टिकट मिलेगा, जिसे स्टेशन के एंट्री गेट पर स्कैन करके प्रवेश किया जा सकेगा. वहीं, टिकट काउंटर और वेंडिंग मशीन से पेपर क्यूआर टिकट भी उपलब्ध रहेगा. इस टिकट का उपयोग मेट्रो स्टेशन के प्रवेश और निकास दोनों स्थानों पर पीली पट्टी वाले ऑटोमेटिक फेयर कलेक्शन (एएफसी) गेट पर स्कैन करके किया जा सकेगा.

यूपीआई के जरिए भुगतान की सुविधा

मेट्रो प्रशासन ने इस नई सुविधा को लागू करने के लिए सभी स्टेशनों पर क्यूआर कोड सपोर्ट करने वाली नई टिकट वेंडिंग मशीनें लगाई हैं. हर स्टेशन पर कम से कम एक क्यूआर टिकट मशीन और एक काउंटर की व्यवस्था की गई है. इन मशीनों पर यूपीआई के जरिए भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध होगी, जिससे यात्री कैशलेस तरीके से टिकट खरीद सकेंगे. साथ ही, पारंपरिक टोकन प्रणाली भी फिलहाल जारी रहेगी.

मेट्रो प्रशासन के अनुसार, क्यूआर कोड टिकटिंग प्रणाली से यात्रियों का समय बचेगा और यात्रा प्रक्रिया अधिक तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक बनेगी. यह कदम लखनऊ मेट्रो को डिजिटल और स्मार्ट परिवहन की दिशा में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित होगा.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag