डंपिंग ग्राउंड के खिलाफ धरने पर बैठे किसानों पर पुलिस ने की लाठीचार्ज, 60 लोग घायल, एक की हालत गंभीर

गाजियाबाद में डंपिंग ग्राउंड के विरोध में उतरे किसानों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दी, जिससे 60 लोग घायल हो गए. इसके अलावा एक की हालत गंभीर बताई जा रही है.

Sonee Srivastav

उत्तर प्रदेश: यूपी के गाजियाबाद जिले के लोनी क्षेत्र में डंपिंग ग्राउंड के विरोध ने हिंसक रूप ले लिया. रविवार दोपहर हिंदू मीरपुर गांव में प्रदर्शन कर रहे किसानों और पुलिस के बीच जोरदार झड़प हुई. किसानों ने पुलिस पर पत्थरबाजी की, जबकि पुलिस ने लाठीचार्ज कर स्थिति काबू करने की कोशिश की. इस क्लैश में करीब 60 लोग घायल हो गए, जिनमें बुजुर्ग, महिलाएं और किसान शामिल हैं.

प्रदर्शन से शुरू हुई झड़प

किसान लंबे समय से हिंदू मीरपुर में प्रस्तावित डंपिंग ग्राउंड का विरोध कर रहे हैं. उनका कहना है कि कचरा डंपिंग से आसपास के खेतों, पानी और हवा में प्रदूषण फैलेगा, जिससे स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ेगा. रविवार को गांव में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन चल रहा था.

पुलिस को सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची टीम ने किसानों से बातचीत की कोशिश की, लेकिन बात बढ़ गई. किसानों का आरोप है कि पुलिस ने गाली-गलौज की, जबकि पुलिस का कहना है कि प्रदर्शनकारियों ने पहले पथराव शुरू किया.

लाठीचार्ज और पथराव से मचा हंगामा

झड़प तेज होने पर पुलिस ने लाठी भांजकर भीड़ को तितर-बितर करने की कोशिश की. किसानों ने जवाब में पत्थर फेंके. गांव वालों का दावा है कि लाठीचार्ज से 50 से 60 लोग घायल हुए. एक महिला के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि एक ग्रामीण का कूल्हा टूटने की बात कही जा रही है. घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है.

मौके पर पहुंचे किसान नेता

घटना के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया है. भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के मौके पर पहुंचने की खबर है, जिससे स्थिति और गर्म हो सकती है. पुलिस ने भारी बल तैनात कर दिया है और जांच शुरू कर दी है. दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं. किसान डंपिंग ग्राउंड रद्द करने की मांग पर अड़े हैं, जबकि प्रशासन सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दे रहा है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag