घर जाना हुआ आसान...BSRTC 23 फरवरी से चलाएगी होली स्पेशल बसें, किराये में मिलेगी भारी सब्सिडी, जल्द करें बुकिंग

होली पर्व को ध्यान में रखते हुए BSRTC ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा समेत अन्य राज्यों में रह रहे बिहार के लोगों की सुविधा के लिए 23 फरवरी से स्पेशल बसें चलाने का फैसला किया है. खास बात तो यह है कि सरकार किराये में भारी सब्सिडी भी दे रही है. जिससे यात्री कम दाम में एसी सफर का आनंद ले सकेंगे.

Utsav Singh
Edited By: Utsav Singh

पटना : त्योहारों के मौसम में घर जाने की राह अब बिहार के लोगों के लिए आसान होने वाली है. बिहार सरकार ने होली पर्व को ध्यान में रखते हुए और प्रवासियों को राहत देने के लिए दिल्ली, हरियाणा और पंजाब जैसे राज्यों के लिए विशेष बस सेवा का एलान किया है. ट्रेनों में वेटिंग और निजी बस ऑपरेटरों की वसूली से परेशान यात्रियों के लिए बीएसआरटीसी की यह पहल किसी वरदान से कम नहीं है. 23 फरवरी से शुरू होने वाली इस विशेष सेवा के लिए बुकिंग पहले ही शुरू हो चुकी है, जिसमें भारी सब्सिडी दी जाएगी.

दिल्ली रूट पर विशेष फोकस

आपको बता दें कि बिहार सरकार ने दिल्ली रूट के यात्रियों के लिए सबसे अधिक 62 बसें आवंटित की हैं. पटना से दिल्ली के लिए एसी सीटर का किराया मात्र 1254 रुपये और स्लीपर का 1893 रुपये रखा गया है. पटना के गांधी मैदान से यह बस हर सुबह 11:30 बजे खुलेगी. राज्य सरकार इस लंबे मार्ग पर प्रति टिकट 919 रुपये तक की भारी सब्सिडी दे रही है. इससे उन श्रमिकों, मज़दूरों और छात्रों को बड़ी मदद मिलेगी जो होली और ईद मनाने अपने गाँव या शहर लौटना चाहते हैं.

हरियाणा और पंजाब में रहने वाले बिहार के लोगों को भी सुविधा 

हरियाणा और पंजाब में रहने वाले बिहार के लोगों के लिए भी परिवहन निगम ने पुख्ता इंतजाम किए हैं. पूर्णिया से अंबाला के लिए एसी सीटर बस का किराया 1563 रुपये तय किया गया है. वहीं मधुबनी से पानीपत जाने वाले यात्रियों को अब मात्र 1345 रुपये ही खर्च करने होंगे. पटना से अंबाला जाने वाली बस का टिकट 1334 रुपये है. इन प्रमुख रूटों पर बसों का संचालन 23 फरवरी से शुरू होकर 23 मार्च तक एक महीने तक लगातार जारी रहेगा, जिससे प्रवासियों को राहत मिलेगी.

प्रमुख शहरों की समय-सारिणी

मुजफ्फरपुर से दिल्ली के लिए बस सुबह 11:20 बजे रवाना होगी. गयाजी से दिल्ली जाने वाली एसी सीटर बस का किराया 1158 रुपये है और यह शाम 7:30 बजे खुलेगी. मुजफ्फरपुर से रांची जाने वालों के लिए शाम 6:30 बजे बस मिलेगी, जिसका प्रभावी किराया सब्सिडी के बाद केवल 438 रुपये पड़ेगा. निगम ने गुरुग्राम, अंबाला और पानीपत जैसे औद्योगिक शहरों को बिहार के सुदूर जिलों जैसे अररिया और किशनगंज से सीधे बस सेवा द्वारा जोड़कर त्योहारों पर घर आने का रास्ता बहुत सुलभ बना दिया है.

विभिन्न राज्यों का विस्तृत नेटवर्क

त्योहार के सीजन में केवल दिल्ली ही नहीं, बल्कि झारखंड के लिए 10 और बंगाल के लिए 5 बसें चलाई जाएंगी. उत्तर प्रदेश के लिए भी दो विशेष बसें उपलब्ध रहेंगी. सीतामढ़ी, शिवहर और सिवान जैसे जिलों से दिल्ली और गुरुग्राम के लिए विस्तृत किराए की आधिकारिक सूची जारी कर दी गई है. अररिया से गुरुग्राम का किराया 1356 रुपये है. सुपौल और लऊखा जैसे सीमावर्ती क्षेत्रों से भी लंबी दूरी की बसों का संचालन स्थानीय यात्रियों की भारी भीड़ और जरूरतों को ध्यान में रखते हुए किया गया है.

5 फरवरी से ऑनलाइन बुकिंग चालू 

यात्रियों को निजी ऑपरेटरों की लूट से बचाने के लिए टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग 5 फरवरी से ही चालू है. सभी बसों में यूपीआई, डेबिट कार्ड और नेट बैंकिंग जैसे आधुनिक भुगतान के विकल्प मौजूद हैं. ऑन-स्पॉट ई-टिकटिंग की सुविधा से उन लोगों को मदद मिलेगी जो अंतिम समय पर यात्रा तय करते हैं. सरकार का लक्ष्य है कि त्योहारों पर ट्रेनों में सीट न मिलने की स्थिति में लोग सुरक्षित और सस्ते सरकारी परिवहन का लाभ उठाकर बिना किसी परेशानी के खुशी-खुशी अपने घर पहुँच सकें.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag