बात करते ही दिखने लगते हैं विज्ञापन? क्या Instagram कर रहा है जासूसी...जानिए पूरी सच्चाई और जरूरी सेटिंग्स
इंस्टाग्राम पर दिखने वाले विज्ञापन कई बार इतने सटीक और निजी लगते हैं कि यूजर्स के मन में सवाल उठने लगता है. क्या वाकई ऐप उनकी बातें सुन रहा है? अक्सर ऐसा होता है कि किसी प्रोडक्ट या सर्विस पर बात करते ही उससे जुड़े विज्ञापन स्क्रीन पर दिखने लगते हैं, जिससे शक और भी गहरा जाता है.

नई दिल्ली: अक्सर ऐसा होता है कि हम किसी चीज़ के बारे में बात करते हैं या इंटरनेट पर उससे जुड़ी कोई जानकारी सर्च करते हैं और कुछ ही समय बाद इंस्टाग्राम पर उसी से जुड़े विज्ञापन और पोस्ट दिखाई देने लगते हैं. ऐसे में इंस्टाग्राम पर दिखने वाले ये विज्ञापन इतने पर्सनल लगते हैं कि लोगों के मन में यह सवाल उठने लगता है—क्या इंस्टाग्राम हमारी बातें सुनता है? लेकिन क्या वाकई इंस्टाग्राम हमारी बातचीत सुन सकता है?
यह डर और अफवाहें इतनी बढ़ीं कि खुद इंस्टाग्राम के प्रमुख Adam Mosseri को सामने आकर सफाई देनी पड़ी. कंपनी ने साफ कहा कि इंस्टाग्राम यूजर्स की बातें सुनने के लिए माइक्रोफोन का इस्तेमाल नहीं करता. हालांकि इसके बावजूद सवाल बना रहता है कि फिर विज्ञापन इतने पर्सनल और सटीक कैसे हो जाते हैं.
इंस्टाग्राम पर विज्ञापन इतने पर्सनल क्यों लगते हैं?
एडम मोसेरी के अनुसार, इंस्टाग्राम आपकी आवाज नहीं सुनता, बल्कि आपकी डिजिटल गतिविधियों का गहराई से विश्लेषण करता है. आप किन पोस्ट्स पर लाइक या कमेंट करते हैं, क्या सेव करते हैं, क्या सर्च करते हैं.इन सभी चीजों का डेटा विज्ञापन दिखाने में इस्तेमाल होता है.
इसके अलावा, Meta Pixel और Cookies के जरिए इंस्टाग्राम आपकी थर्ड-पार्टी वेबसाइट्स और ऐप्स पर की गई एक्टिविटी को भी ट्रैक करता है. यही वजह है कि किसी विषय पर बात करने के कुछ समय बाद उससे जुड़े विज्ञापन दिखने लगते हैं.
Meta Accounts Center से विज्ञापन कंट्रोल कैसे करें
मेटा ने इंस्टाग्राम, फेसबुक और अन्य प्लेटफॉर्म्स की विज्ञापन सेटिंग्स को एक ही जगह Accounts Center में उपलब्ध कराया है. यहां से यूजर यह तय कर सकता है कि उसकी कौन-सी जानकारी विज्ञापनों के लिए इस्तेमाल हो.
Ad Preferences में जाकर Ad Partners से मिलने वाली Activity Information को बंद किया जा सकता है. ऐसा करने से इंस्टाग्राम बाहर की वेबसाइट्स और ऐप्स से मिले डेटा के आधार पर विज्ञापन दिखाना कम कर देता है.
मेटा ट्रैकिंग को पूरी तरह डिस्कनेक्ट करने का विकल्प
अगर आप चाहते हैं कि मेटा आपकी एक्टिविटी को विज्ञापनों से बिल्कुल न जोड़े, तो Accounts Center में मौजूद Your Information and Permissions सेक्शन में जाना होगा.
यहां Your Activity Off Meta Technologies विकल्प के जरिए आप अपनी पिछली गतिविधियों को डिस्कनेक्ट कर सकते हैं और भविष्य की ट्रैकिंग को भी बंद कर सकते हैं. इससे मेटा आपकी ब्राउजिंग और ऐप यूज को विज्ञापन के लिए इस्तेमाल नहीं कर पाएगा.
विज्ञापन रहेंगे, लेकिन कम पर्सनल होंगे
यह समझना जरूरी है कि इन सेटिंग्स को बदलने के बाद भी इंस्टाग्राम पर विज्ञापन पूरी तरह बंद नहीं होंगे. फर्क सिर्फ इतना होगा कि ये विज्ञापन आपकी पर्सनल पसंद और ऑनलाइन हिस्ट्री के आधार पर कम दिखेंगे.
मेटा अब व्हाट्सएप स्टेटस और Meta AI से जुड़े फीचर्स में भी विज्ञापन दिखा रहा है. यानी विज्ञापनों से पूरी तरह बचना मुश्किल है, लेकिन उन्हें जरूरत से ज्यादा पर्सनल होने से जरूर रोका जा सकता है.


