अब नहीं पड़ेगी कई टैब खोलने की जरूरत! Chrome का नया AI मोड बदल देगा आपका सर्च एक्सपीरियंस
Google Chrome में नया AI मोड आया है, जो बिना टैब बदले जानकारी खोजने और समझने में मदद करेगा. इस फीचर से सर्च करना आसान और तेज होगा, लेकिन इसके पूरे फायदे जानना अभी बाकी है.

इंटरनेट पर काम करते समय कई टैब खोलना आजकल आम बात है, लेकिन यही सुविधा कई बार परेशानी भी बन जाती है. खासकर जब आप किसी विषय पर गहराई से जानकारी ढूंढ रहे होते हैं, तो बार-बार टैब बदलना अनुभव को उलझा देता है. अब इस समस्या को आसान बनाने के लिए गूगल ने अपने क्रोम ब्राउज़र में एक नया एआई फीचर पेश किया है, जो यूज़र्स के काम करने के तरीके को पूरी तरह बदल सकता है.
गूगल ने क्रोम ब्राउज़र के लिए कई नए एआई आधारित फीचर्स की घोषणा की है. इनका उद्देश्य यूज़र्स के लिए जानकारी खोजना और उसे समझना पहले से ज्यादा आसान बनाना है. सबसे खास फीचर है नया एआई मोड, जो खास तौर पर डेस्कटॉप यूज़र्स के लिए पेश किया गया है. इस मोड में जब भी आप कोई वेबपेज खोलते हैं, तो वह एआई के साथ-साथ स्क्रीन पर दिखाई देता है. इससे यूज़र को बार-बार टैब बदलने की जरूरत नहीं पड़ती.
बिना टैब बदले मिलेंगी पूरी जानकारी
इस नए सिस्टम का सबसे बड़ा फायदा यह है कि आप एक ही स्क्रीन पर जानकारी पढ़ सकते हैं और उसी समय उससे जुड़े सवाल भी पूछ सकते हैं. मान लीजिए आप अपने घर के लिए एक छोटा कॉफी मेकर ढूंढ रहे हैं. जैसे ही आप एआई मोड में सर्च करेंगे, आपको आपकी जरूरत के हिसाब से कई विकल्प मिल जाएंगे.
जब आप किसी एक प्रोडक्ट पर क्लिक करेंगे, तो वह उसी टैब में स्प्लिट स्क्रीन में खुल जाएगा. इस दौरान आप उस प्रोडक्ट की जानकारी भी देख पाएंगे और एआई से सीधे सवाल पूछकर और ज्यादा डिटेल्स भी हासिल कर सकेंगे. इससे आपका समय बचेगा और खोज का सिलसिला भी नहीं टूटेगा.
एक साथ कई टैब और फाइल्स जोड़ने की सुविधा
गूगल ने एक और नया फीचर पेश किया है, जिससे यूज़र्स एक साथ कई टैब का इस्तेमाल कर सकते हैं. अब क्रोम के डेस्कटॉप और मोबाइल ऐप में एआई मोड के दौरान, यूज़र सर्च बॉक्स में दिए गए ‘प्लस’ मेनू पर क्लिक करके अपने हाल ही में खोले गए टैब जोड़ सकते हैं. इतना ही नहीं, अब आप सर्च के दौरान इमेज, पीडीएफ और अन्य डॉक्यूमेंट भी जोड़ सकते हैं. इससे अलग-अलग स्रोतों से जानकारी इकट्ठा करना और उसे समझना बेहद आसान हो जाएगा.
कैनवास और इमेज टूल्स का भी मिलेगा फायदा
गूगल ने बताया कि एआई मोड में पहले से मौजूद कैनवास और इमेज क्रिएशन जैसे टूल्स भी अब और आसानी से इस्तेमाल किए जा सकेंगे. नए ‘प्लस’ मेनू के जरिए यूज़र्स इन टूल्स तक सीधे पहुंच पाएंगे, जिससे वे अपने काम को ज्यादा बेहतर और क्रिएटिव तरीके से पूरा कर सकेंगे.
फिलहाल गूगल ने इन सभी फीचर्स को सबसे पहले अमेरिका में लॉन्च करने की पुष्टि की है. कंपनी का कहना है कि आने वाले समय में इन सुविधाओं को भारत समेत अन्य देशों में भी धीरे-धीरे उपलब्ध कराया जाएगा.


