एक चूक और ठग ले जाएंगे आपकी पूरी जमा-पूंजी, इस खतरनाक स्कैम से बचने के लिए क्या करें?

Call Merging Scam एक नया साइबर फ्रॉड है, जिसमें स्कैमर्स कॉल मर्ज करवाकर बैंक की ओर से आने वाले OTP को सुन लेते हैं और आपका अकाउंट खाली कर देते हैं. UPI ने इस स्कैम को लेकर अलर्ट जारी किया है, जिससे लोग सतर्क रहें. इससे बचने के लिए किसी भी अजनबी कॉल को मर्ज ना करें और OTP कभी भी किसी से शेयर ना करें.

Simran Sachdeva

आजकल साइबर अपराधी नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को ठगने का काम कर रहे हैं. मिस्ड कॉल फ्रॉड के बाद अब एक और स्कैम ने दस्तक दे दी है, जिसे "Call Merging Scam" कहा जा रहा है. इस स्कैम में अपराधी आपके बैंक अकाउंट को बिना आपकी जानकारी के खाली कर देते हैं. सबसे हैरान कर देने वाली बात तो ये है कि आप खुद अपने अकाउंट की चाबी, यानी OTP, ठगों को दे देते हैं. इस नए प्रकार के फ्रॉड के बारे में जानकर आप भी चौकस हो सकते हैं और अपनी बैंकिंग सुरक्षा को मजबूत कर सकते हैं. UPI ने हाल ही में इस धोखाधड़ी को लेकर एक महत्वपूर्ण अलर्ट जारी किया है, जिससे इस खतरनाक स्कैम के बारे में लोगों को जागरूक किया जा सके. 

कैसे होता है Call Merging Scam?

कॉल मर्जिंग स्कैम एक ऐसा तरीका है जिसमें आपको यह एहसास भी नहीं होता कि आप ठगे जा रहे हैं. इस स्कैम को अपराधी इस प्रकार अंजाम देते हैं:

कॉल करने का बहाना: स्कैमर्स सबसे पहले आपको किसी नौकरी, व्यापार या इवेंट के इनविटेशन के नाम पर कॉल करते हैं. इस दौरान वे किसी परिचित व्यक्ति का नाम लेकर आपको बताते हैं कि उस व्यक्ति ने उनका नंबर दिया है.

वेटिंग कॉल की रणनीति: इस बीच आपकी स्क्रीन पर एक दूसरी वेटिंग कॉल दिखाई देती है. स्कैमर्स दावा करते हैं कि यह कॉल उसी परिचित व्यक्ति का है और वे आपसे कहते हैं कि आप इसे मर्ज कर लें.

कॉल मर्जिंग के बाद ठगी: जैसे ही आप दोनों कॉल मर्ज करते हैं, तो यह कॉल असल में बैंक की ओर से होती है, जो OTP के लिए आपके पास आती है. जैसे ही आप OTP शेयर करते हैं, स्कैमर्स आपके बैंक अकाउंट से सारे पैसे निकाल लेते हैं.

UPI ने जारी किया अलर्ट

UPI (यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस) ने इस Call Merging Scam को लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट जारी किया है. इसमें बताया गया है कि इस स्कैम में स्कैमर्स आपको किसी परिचित व्यक्ति के नाम से कॉल करके आपके बैंक अकाउंट की जानकारी हासिल कर लेते हैं. UPI ने यह भी अलर्ट जारी किया कि यह धोखाधड़ी बहुत तेजी से फैल रही है और इसे लेकर सावधानी बरतने की जरूरत है.

इस स्कैम से कैसे बचें?

कभी भी अजनबी कॉल्स से सावधान रहें: अगर कोई अजनबी कॉल करता है और आपको मर्जिंग कॉल करने के लिए कहता है, तो उसे पूरी तरह से नजरअंदाज करें. किसी भी परिस्थिति में बैंक से संबंधित कॉल्स को मर्ज ना करें.

OTP को किसी से भी साझा ना करें: अपनी बैंकिंग जानकारी, खासकर OTP को कभी भी किसी से शेयर न करें. याद रखें, बैंक कभी भी आपसे फोन पर OTP पूछने नहीं आएगा.

बैंकिंग ऐप्स का उपयोग सुरक्षित तरीके से करें: जब भी आप अपने बैंक अकाउंट का उपयोग करें, तो हमेशा सुनिश्चित करें कि आप किसी सुरक्षित नेटवर्क पर हैं और कोई तीसरी पार्टी आपके डेटा को एक्सेस नहीं कर पा रही है.

आधिकारिक ऐप्स और साइट्स का ही उपयोग करें: कॉल या मैसेज पर दिए गए लिंक पर क्लिक करने से बचें. हमेशा केवल आधिकारिक बैंक ऐप्स और वेबसाइट्स का ही उपयोग करें.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो