चश्मा पहना और प्राइवेट लाइफ एक्सपोज! AI ग्लासेस पर बाथरूम के वीडियो देखने का आरोप, कोर्ट पहुंचा केस
रेय-बैन मेटा स्मार्ट ग्लासेस कैमरा, स्पीकर और माइक के साथ स्टाइलिश लगते हैं, लोग इन्हें खूब इस्तेमाल कर रहे हैं. लेकिन अब अमेरिका में बवाल मचा है. आरोप है कि यूजर्स के रिकॉर्ड किए निजी वीडियो-फोटो तक मेटा के ह्यूमन कॉन्ट्रैक्टर्स देखते और एनालाइज करते हैं.

कैमरा, स्पीकर और माइक से लैस रेय-बैन मेटा स्मार्ट ग्लासेस को कई लोग स्टाइलिश टेक गैजेट के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं, लेकिन अब इस चश्मे को लेकर अमेरिका में तीखा विवाद खड़ा हो गया है. आरोप है कि यूजर्स द्वारा रिकॉर्ड किए गए वीडियो और फोटो को मेटा के ह्यूमन कॉन्ट्रैक्टर देखते और एनालाइज करते हैं, जिसमें बेहद निजी पल तक शामिल हो सकते हैं. यह मामला बुधवार को सैन फ्रांसिस्को की फेडरल कोर्ट में पहुंच गया है, जहां कंपनी पर झूठे प्राइवेसी दावों के जरिए ग्राहकों को धोखा देने का आरोप लगाया गया है.
क्लार्कसन लॉ फर्म द्वारा दायर इस क्लास-एक्शन सूट में दो प्लेन्टिफ ने बताया कि उन्होंने मेटा के प्राइवेसी मार्केटिंग दावों पर भरोसा करके ये ग्लासेस खरीदे थे. अगर कंपनी पहले बता देती कि रिकॉर्डिंग्स को कॉन्ट्रैक्टर द्वारा रिव्यू किया जाता है, तो वे कभी इन्हें नहीं खरीदते.
स्वीडिश रिपोर्ट से हुआ बड़ा खुलासा
कुछ दिन पहले एक जांच रिपोर्ट ने सनसनी फैला दी. रिपोर्ट में दावा किया गया कि केन्या में काम करने वाले मेटा के सब-कॉन्ट्रैक्टर Ray-Ban Meta स्मार्ट ग्लासेस से रिकॉर्ड की गई तस्वीरों और वीडियो को एनालाइज कर रहे थे. इनमें ऑब्जेक्ट लेबलिंग का काम करने वाले कर्मचारियों ने खुलासा किया कि उन्हें कई बार बेहद प्राइवेट फुटेज दिखाई दिए.
प्राइवेट मोमेंट्स तक पहुंचे वीडियो लेबलर्स
वीडियो एनालाइज करने वाले कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें बाथरूम में जाते हुए के वीडियो, यौन संबंधों से जुड़े क्लिप और अन्य निजी क्षणों वाली रिकॉर्डिंग्स देखने को मिलीं. यह खुलासा स्मार्ट ग्लासेस के यूजर्स में गहरी चिंता पैदा कर रहा है, क्योंकि कंपनी ने पहले प्राइवेसी को लेकर मजबूत दावे किए थे.
दो यूजर्स ने मिलकर दायर किया मुकदमा
केस कैलिफोर्निया और न्यू जर्सी के दो व्यक्तियों द्वारा दायर किया गया है, जिन्होंने मेटा स्मार्ट ग्लासेस खरीदे थे. दोनों का कहना है कि उन्होंने कंपनी के प्राइवेसी संबंधी मार्केटिंग दावों पर पूरा भरोसा किया था. अगर मेटा पहले स्पष्ट करता कि फुटेज को ह्यूमन कॉन्ट्रैक्टर द्वारा रिव्यू किया जाता है, तो वे इन ग्लासेस को कभी नहीं खरीदते.
मेटा का जवाब
रिपोर्ट के अनुसार, मेटा के प्रवक्ता ने कहा कि Ray-Ban Meta ग्लासेस AI की मदद से बिना हाथ लगाए आसपास की दुनिया से जुड़े सवालों के जवाब देने में मदद करते हैं. हालांकि कंपनी ने कोर्ट में लगे आरोपों पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया.
प्रवक्ता ने आगे बताया है कि मेटा ग्लासेस खुद मीडिया को मेटा या किसी और के साथ साझा नहीं करते, तब तक वह डेटा डिवाइस पर ही रहता है. हालांकि जब यूजर्स Meta AI के साथ कंटेंट शेयर करते हैं, तो बेहतर यूजर्स एक्सपीरियंस देने के लिए कभी-कभी कॉन्ट्रैक्टर मेटा ग्लासेस के डेटा का रिव्यू करते हैं. उन्होंने बताया है कि अन्य कंपनियां भी ऐसा करती हैं.


