एक जिंदगी, 13 साल का इंतजार और आखिरी विदाई… हरीश राणा का VIDEO कर देगा भावुक

करीब 13 साल से अचेत अवस्था में जीवन बिता रहे गाजियाबाद के हरीश राणा के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पैसिव यूथेनेशिया की अनुमति दे दी है. दिल्ली के एम्स में उनका लाइफ सपोर्ट हटाने की प्रक्रिया चल रही है. वहीं, उनकी विदाई से जुड़ा भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

गाजियाबाद के हरीश राणा की कहानी इन दिनों पूरे देश में लोगों को भावुक कर रही है. जिंदगी हर इंसान के लिए अनमोल होती है और हर कोई उसे पूरी तरह जीना चाहता है, लेकिन कई बार परिस्थितियां ऐसी बन जाती हैं जब जीवन खुद एक लंबी पीड़ा में बदल जाता है. हरीश राणा पिछले कई वर्षों से ऐसी ही कठिन स्थिति से गुजर रहे थे. अब उनका लाइफ सपोर्ट सिस्टम हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और उन्हें सम्मानजनक तरीके से अंतिम विदाई देने की तैयारी की जा रही है.

भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर हो रहा वायरल 

इस पूरे घटनाक्रम से जुड़ा एक भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है. जानकारी के अनुसार, हरीश राणा को उनके घर से दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है. यहां डॉक्टरों की एक विशेष मेडिकल टीम अदालत के निर्देशों के अनुसार पैसिव यूथेनेशिया की प्रक्रिया को आगे बढ़ा रही है. बताया जाता है कि हरीश करीब 13 साल से अचेत अवस्था में बिस्तर पर पड़े थे. 

डॉक्टरों का कहना था कि उनके ठीक होने की कोई वास्तविक संभावना नहीं बची है. इसी आधार पर दायर याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने फैसला सुनाते हुए एम्स की मेडिकल रिपोर्ट को देखते हुए पैसिव यूथेनेशिया की अनुमति दी. अदालत ने यह भी कहा कि मरीज के अंतिम चरण की चिकित्सा प्रक्रिया पूरी तरह सम्मानजनक और मानवीय तरीके से की जाए.

इच्छामृत्यु किसे कहा जाता है?

इच्छामृत्यु या यूथेनेशिया उस स्थिति को कहा जाता है, जब किसी असाध्य बीमारी या गंभीर हालत में लंबे समय से पीड़ित व्यक्ति को राहत देने के लिए जीवनरक्षक उपचार वापस ले लिया जाता है. सामान्य तौर पर इसे दो प्रकारों में बांटा जाता है- सक्रिय और निष्क्रिय. पैसिव यूथेनेशिया में मरीज के इलाज या लाइफ सपोर्ट सिस्टम को हटाकर उसे स्वाभाविक रूप से जीवन के अंतिम चरण तक पहुंचने दिया जाता है.

सोशल मीडिया पर वायरल हुए करीब 22 सेकेंड के वीडियो ने लोगों को भावुक कर दिया है. वीडियो में हरीश राणा बिस्तर पर लेटे दिखाई देते हैं और उनकी नजरें ऊपर की ओर टिकी रहती हैं. उनके चेहरे पर एक ओर गहरी थकान और दर्द झलकता है, तो दूसरी ओर एक अजीब सी शांति भी नजर आती है. वीडियो में एक महिला उनके माथे पर चंदन का तिलक लगाती हुई दिखाई देती है. इसके बाद वह उनका सिर सहलाते हुए कहती है कि सभी को माफ करते हुए और सबसे माफी मांगते हुए अब आगे बढ़ जाओ. यह दृश्य देखकर कई लोगों की आंखें नम हो गईं.

हॉस्टल की इमारत से गिर गए थे हरीश 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हरीश राणा करीब 13 साल पहले चंडीगढ़ में पढ़ाई के दौरान एक दुर्घटना का शिकार हो गए थे. बताया जाता है कि वह हॉस्टल की इमारत से गिर गए थे, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और वह कोमा जैसी स्थिति में चले गए. लंबे समय तक बिस्तर पर रहने के कारण उनके शरीर में कई जटिल स्वास्थ्य समस्याएं भी पैदा हो गईं.

परिवार ने वर्षों तक उनकी देखभाल में कोई कमी नहीं छोड़ी, लेकिन डॉक्टरों ने साफ कर दिया था कि उनके ठीक होने की उम्मीद बेहद कम है. आखिरकार इसी स्थिति को देखते हुए परिवार ने अदालत से इच्छामृत्यु की अनुमति मांगी. सुप्रीम कोर्ट ने सभी मेडिकल रिपोर्ट और परिस्थितियों पर विचार करने के बाद पैसिव यूथेनेशिया की मंजूरी दे दी, ताकि हरीश राणा को लंबे समय से झेल रही पीड़ा से राहत मिल सके और उन्हें सम्मानजनक विदाई दी जा सके.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो