चुनाव के बीच फंसा Indian Premier League शेड्यूल! असम वोटिंग से गुवाहाटी मैचों पर संकट

आईपीएल 2026 के शुरुआती शेड्यूल पर फिर चर्चा शुरू हो गई है, क्योंकि चुनाव आयोग ने असम में 9 अप्रैल को मतदान की तारीख घोषित की है और गुवाहाटी में इसी दौरान मैच तय हैं. चुनावी सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए BCCI को गुवाहाटी में होने वाले कुछ मैचों की तारीखों में बदलाव करना पड़ सकता है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

आईपीएल के 2026 सीजन को लेकर एक बार फिर शेड्यूल पर चर्चा तेज हो गई है. दरअसल, हाल ही में बीसीसीआई ने टूर्नामेंट का शुरुआती कार्यक्रम जारी किया था. उस समय पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए केवल 12 अप्रैल तक का शेड्यूल घोषित किया गया था, जिसमें कुल 20 मुकाबलों की जानकारी दी गई थी.

 चुनाव की तारीखों का आधिकारिक ऐलान

अब जब चुनाव आयोग ने विधानसभा चुनाव की तारीखों का आधिकारिक ऐलान कर दिया है तो आईपीएल के इस कार्यक्रम में संभावित बदलाव को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं. माना जा रहा है कि चुनावी प्रक्रिया और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए बीसीसीआई को कुछ मैचों की तारीखों या स्थान में बदलाव करना पड़ सकता है.

चुनाव आयोग के अनुसार असम की सभी 126 विधानसभा सीटों पर 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होगा. इसी वजह से गुवाहाटी में होने वाले आईपीएल मुकाबलों पर सवाल खड़े होने लगे हैं. कार्यक्रम के मुताबिक, 7 अप्रैल को गुवाहाटी में मैच आयोजित होना तय है, जो मतदान से ठीक दो दिन पहले पड़ता है.

गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम को इस सीजन में आईपीएल के 10 मेजबान मैदानों में शामिल किया गया है. यह मैदान राजस्थान रॉयल्स का दूसरा घरेलू मैदान भी है. यहां राजस्थान रॉयल्स के तीन मुकाबले आयोजित होने वाले हैं. पहला मैच 30 मार्च को चेन्नई के खिलाफ खेला जाएगा. इसके बाद 7 अप्रैल को टीम का सामना मुंबई इंडियंस से होगा. तीसरा मुकाबला 10 अप्रैल को आरसीबी के खिलाफ निर्धारित है. तीनों मैच शाम 7:30 बजे शुरू होने हैं.

मैच में होगा बदलाव?

अब बड़ा सवाल यह है कि 9 अप्रैल को होने वाली वोटिंग के चलते इन मैचों के कार्यक्रम में बदलाव किया जाएगा या नहीं. फिलहाल बीसीसीआई की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. हालांकि माना जा रहा है कि शेड्यूल तय करने से पहले बोर्ड ने सरकार और स्थानीय प्रशासन से जरूरी बातचीत की होगी और आवश्यक अनुमति भी ली गई होगी.

इसके बावजूद 7 और 10 अप्रैल के मैचों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था एक अहम मुद्दा बन सकती है. मतदान से दो दिन पहले यानी 7 अप्रैल से ही चुनाव प्रचार थम जाएगा और प्रशासनिक सख्ती बढ़ जाएगी. उसी दिन शाम को मैच होना सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौती पैदा कर सकता है. वहीं, 9 अप्रैल को मतदान के बाद 10 अप्रैल को भी पुलिस बल चुनावी ड्यूटी में व्यस्त रह सकता है.

चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही कड़ी होती है. पुलिस और सुरक्षाबल संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हैं, अवैध धन के इस्तेमाल को रोकते हैं और ईवीएम मशीनों को सुरक्षित तरीके से मतदान केंद्रों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाते हैं. इसके अलावा असम की सीमा बांग्लादेश से लगने के कारण अतिरिक्त सतर्कता भी बरती जाती है. ऐसे हालात में खिलाड़ियों, टीम स्टाफ और स्टेडियम की चौबीसों घंटे सुरक्षा सुनिश्चित करना आसान नहीं होता.

उम्मीद है कि बीसीसीआई जल्द ही आईपीएल 2026 का पूरा कार्यक्रम जारी करेगा. इसके बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि गुवाहाटी में होने वाले मुकाबलों की तारीखों में कोई बदलाव किया जाएगा या नहीं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो