गुलाब से ज्यादा ट्रेंड कर रहे मीम्स... वैलेंटाइन डे पर सिंगल्स ने सोशल मीडिया पर मचाई धूम
वैलेंटाइन डे को लेकर जहां कपल्स उत्साहित हैं, वहीं सिंगल लोग सोशल मीडिया पर मजेदार मीम्स और रील्स शेयर कर रहे हैं. फिल्मी टेम्प्लेट्स और फनी डायलॉग्स के जरिए 14 फरवरी इंटरनेट पर ट्रेंड कर रही है.

14 फरवरी आते ही बाजारों में लाल गुलाब, दिल के आकार के गिफ्ट और कैफे में खास ऑफर दिखाई देने लगते हैं. प्रेमी जोड़ों के लिए यह दिन अपने जज्बात जाहिर करने का मौका होता है. लेकिन जैसे ही वैलेंटाइन डे करीब आता है, सोशल मीडिया पर एक अलग ही दुनिया बस जाती है, जहां सिंगल लोग अपने मजेदार अंदाज में इस दिन को ट्रेंड बना देते हैं.
एक तरफ जहां कपल्स इस दिन को खास बनाने के लिए प्लानिंग में जुटे हैं, वहीं दूसरी ओर सिंगल लोग मीम्स और फनी डायलॉग के जरिए इंटरनेट पर छाए हुए हैं. इस बार वैलेंटाइन डे वीकेंड पर पड़ रहा है, जिससे युवाओं में उत्साह और बढ़ गया है. लेकिन सोशल मीडिया पर सिंगल लोगों के मजेदार पोस्ट भी उतनी ही तेजी से वायरल हो रहे हैं.
कई मीम्स हो रहे वायरल
कई यूजर्स अपने अकेलेपन को हंसी-मजाक में बदलकर शेयर कर रहे हैं. “जब जिंदगी में नहीं है पापा की परी, तो किस काम की 14 फरवरी” जैसे मीम्स लोगों को खूब पसंद आ रहे हैं. इन पोस्ट पर हजारों लाइक और कमेंट्स आ रहे हैं. वैलेंटाइन वीक को लेकर कई फिल्मी टेम्प्लेट्स भी ट्रेंड में हैं.
एक मीम में बॉलीवुड अभिनेता Salman Khan की तस्वीर के साथ लिखा गया है- “किसी ने वैलेंटाइन डे का प्लान पूछा तो मैंने यह फोटो भेज दी.” यह पोस्ट खासतौर पर सिंगल युवाओं के बीच काफी शेयर हो रहा है. वहीं एक अन्य मीम में क्रिकेटर Mahendra Singh Dhoni की बायोपिक का डायलॉग इस्तेमाल करते हुए लिखा गया- “मैं वैलेंटाइन डे नहीं मनाता.”
यूजर्स मजाक में कह रहे हैं कि यह लाइन हर साल फरवरी में फिर से ट्रेंड करने लगती है. एक पोस्ट में Parineeti Chopra और Sidharth Malhotra की तस्वीर का इस्तेमाल कर कैप्शन दिया गया- “हम अकेले नहीं हैं, बस प्यार के लिए एयरप्लेन मोड पर हैं.” इस तरह के मीम्स लोगों को खूब हंसा रहे हैं.
वायरल वीडियो और मजेदार रिएक्शन
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ महिलाएं लाठी-डंडों की पूजा करते हुए मजाकिया अंदाज में कहती नजर आती हैं- “जहां मिलेंगे बंटी-बबली, तोड़ देंगे हड्डी-पसली.” इस वीडियो को लेकर भी यूजर्स जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं.
कई लोग वैलेंटाइन वीक को “सबसे तनावपूर्ण सप्ताह” भी बता रहे हैं. एक यूजर ने लिखा कि, “अगर एक ही क्रश के लिए लाइन में कई लोग हों, तो फिर सब भगवान भरोसे.” वहीं दूसरे ने मजाक में सलाह दी कि, “14 फरवरी को भी नॉर्मल शनिवार की तरह बिताओ, लाइफ सॉर्टेड है.”


