'अब लाइफ पर मेरा कंट्रोल'... H-1B से B-1 वीजा में बदलाव के बाद बदली भारतीय शख्स की जिंदगी, Video शेयर कर बताया कैसे
H-1B Visa VS B-1 Visa: एक भारतीय एंटरप्रेन्योर ने शेयर किया कि कैसे H-1B वीजा से B-1 वीजा में बदलाव ने उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल दी. अनिरुद्ध नाम के इस एंटरप्रेन्योर ने इसे अपने करियर का टर्निंग पॉइंट बताते हुए कहा कि अब उनकी जिंदगी में कंट्रोल और एक्साइटमेंट दोनों लौट आए हैं.

H-1B Visa VS B-1 Visa: एक भारतीय एंटरप्रेन्योर का अनुभव सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. उन्होंने बताया कि कैसे H-1B वीजा से B-1 वीजा में स्विच करने के बाद उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई. अनिरुद्ध नाम के इस एंटरप्रेन्योर ने कहा कि यह फैसला उनके पेशेवर जीवन का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ, जिसने उन्हें कंट्रोल और एक्साइटमेंट दोबारा दे दिया.
इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में अनिरुद्ध ने बताया, "यह एक सच्ची कहानी है. मैं नौ साल तक H1B वीजा पर था और फिर B1 वीजा पर स्विच किया और तभी मेरी जिंदगी पूरी तरह बदल गई." अनिरुद्ध की कहानी को ऑनलाइन काफी सराहना मिल रही है. कई पेशेवरों ने इसे सिस्टम की सीमाओं से बाहर निकलकर आत्मनिर्भरता पाने का उदाहरण बताया है.
H-1B वीजा के टाइम पर कैसी थी लाइफ?
अनिरुद्ध ने दोनों वीजा अनुभवों की तुलना करते हुए कहा, “मेरी H1B वीजा पर जिंदगी ऐसी थी अपना खुद का बिजनेस नहीं चला सकता था, साल में सिर्फ एक बार ही भारत आ सकता था, हर तीन साल में वीजा रिन्यूअल की टेंशन, सरकारी नीतियों की अनिश्चितता और कॉर्पोरेट लूप में फंसा हुआ. जिंदगी एकदम नीरस थी जैसे किसी गुलामी में जी रहा हूं.”
B-1 वीजा के बाद बदली जिंदगी
उन्होंने आगे बताया कि B-1 वीजा पर आने के बाद उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आए. उन्होंने बताया, "मेरी B1 वीजा वाली जिंदगी अपना खुद का LLC कानूनी तौर पर चला रहा हूं, साल में दो बार अमेरिका जा सकता हूं, वीजा 10 साल के लिए वैध है, नीतियों में बदलाव की कोई चिंता नहीं, उद्यमिता का पूरा आनंद ले रहा हूं. जिंदगी अब मेरे कंट्रोल में है और हर दिन रोमांचक लगता है."
दूसरों को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा, "मैंने बस एक छलांग लगाई और फैसला लिया. जल्द ही मैं बताऊंगा कि मैंने यह कैसे किया अपडेट्स के लिए मुझे फॉलो करें." उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह अब पूरी तरह भारत में रहते हैं और केवल कॉन्फ्रेंसेस के लिए अमेरिका की यात्रा करते हैं.
H-1B वीजा पर ट्रंप की नई पॉलिसी से बढ़ी चिंता
अनिरुद्ध का यह वीडियो ऐसे समय पर वायरल हुआ जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा फैसला लिया है. उन्होंने एक आदेश पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसके तहत हर नए H-1B वीजा आवेदन पर कंपनियों को $100,000 (लगभग ₹88 लाख) की एकमुश्त फीस देनी होगी.
यह आदेश भारतीय पेशेवरों में चिंता का कारण बना है, क्योंकि अमेरिका के टेक सेक्टर में जाने वाले लगभग 70 प्रतिशत लोग भारत से ही होते हैं. कई विशेषज्ञों का मानना है कि यह फैसला भारतीय प्रतिभा को अमेरिकी टेक इंडस्ट्री से दूर रखने का एक अप्रत्यक्ष प्रयास है.


