शोहरत के लिए जान जोखिम में... शख्स ने मुंह से पकड़ा जिंदा 'किंग कोबरा', हैरान कर देगा वायरल वीडियो
ओडिशा के बालासोर में एक युवक ने किंग कोबरा को मुंह से पकड़कर खतरनाक स्टंट किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. इस लापरवाही भरे करतब को देखकर लोग हैरान और दंग रह गए हैं.

इंटरनेट पर अक्सर हैरान करने वाले वीडियो सामने आते रहते हैं, लेकिन ओडिशा के बालासोर जिले से सामने आई एक क्लिप ने लोगों को सच में दहला दिया है. इस वीडियो में एक व्यक्ति जहरीले किंग कोबरा के साथ ऐसा खतरनाक स्टंट करता दिखाई दे रहा है, जिसे देखकर किसी की भी सांस अटक जाए.
बताया जा रहा है कि यह घटना बालासोर के रेमुना इलाके की है. वायरल वीडियो में दिख रहा शख्स खगा नाम का बताया जा रहा है. आमतौर पर लोग किंग कोबरा जैसे जहरीले सांप को देखकर दूर हट जाते हैं, लेकिन इस व्यक्ति ने जोखिम भरा कदम उठाकर सबको चौंका दिया.
ओडिशा के बालासोर में एक शख्स ने विशालकाय सांप को सीधे मुंह से पकड़ लिया।
न हाथ में कोई हथियार, न चेहरे पर ज़रा सा भी डर।
वीडियो इतना खौफनाक है कि देखते ही रोंगटे खड़े हो रहे हैं। #Balasore #Odisha #ViralVideo pic.twitter.com/OG3PXCrtUJ— Prabhakar Kumar (@prabhakarjourno) February 2, 2026
फन फैलाए कोबरा के साथ जानलेवा हरकत
वीडियो में साफ नजर आता है कि किंग कोबरा फन फैलाकर पूरी तरह सतर्क खड़ा है. तभी वह व्यक्ति धीरे-धीरे उसके पास जाता है. अचानक वह झुकता है और तेज गति से सांप के फन को अपने मुंह से पकड़ लेता है. यह दृश्य इतना खतरनाक है कि देखने वालों की रूह कांप जाए. सांप जैसे जहरीले जीव के साथ इस तरह का व्यवहार जानलेवा साबित हो सकता है. एक छोटी सी चूक भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है. इसके बावजूद वह व्यक्ति बिना डरे इस करतब को अंजाम देता दिख रहा है.
मौके पर जुटी भीड़
सबसे हैरानी की बात यह रही कि इस खतरनाक हरकत के दौरान वहां काफी लोग मौजूद थे. कुछ लोग डर के मारे पीछे हटते दिखाई दिए, जबकि कई लोग अपने मोबाइल फोन से इस घटना को रिकॉर्ड कर रहे थे. स्टंट खत्म करने के बाद वह व्यक्ति सांप को ऐसे उठाता है जैसे कोई साधारण चीज हो, और फिर उसे एक झोले में डाल देता है. इस पूरे घटनाक्रम को देखकर लोगों की सांसें थम गईं.
सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं
यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया है. अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर लोग इसे शेयर कर रहे हैं और अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं. कई लोगों ने इसे बेहद खतरनाक और गैर-जिम्मेदाराना हरकत बताया है. एक यूजर ने लिखा कि किंग कोबरा के साथ ऐसा खेलना पागलपन है. दूसरे ने कहा कि यह व्यक्ति खुद ही खतरा बन गया है. वहीं कुछ लोगों ने इसे आत्मघाती कदम जैसा बताया.


