बंगाल चुनाव से पहले महिलाओं पर फोकस, भाजपा का बड़ा दांव, पीएम करेंगे बात
बंगाल चुनाव से पहले भाजपा महिलाओं के मुद्दे पर फोकस करते हुए महिला आरक्षण बिल को आगे बढ़ा रही है और संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है पार्टी देशभर में महिलाओं तक पहुंच बनाने के लिए अभियान चला रही है, ताकि चुनाव से पहले समर्थन मजबूत किया जा सके.

पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक माहौल तेज हो गया है. राज्य में दो चरणों में मतदान प्रस्तावित है, जिसमें 23 अप्रैल को पहले चरण और 29 अप्रैल को दूसरे चरण की वोटिंग होगी, जबकि 4 मई को नतीजों की घोषणा की जाएगी. चुनावी सरगर्मियों के बीच भारतीय जनता पार्टी और केंद्र सरकार ने महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर खास फोकस करना शुरू कर दिया है. इसे चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है.
महिला आरक्षण कानून में संशोधन को मंजूरी
हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट ने महिला आरक्षण कानून में संशोधन को मंजूरी दी है. इसके बाद 16 अप्रैल से संसद का तीन दिवसीय विशेष सत्र बुलाने का फैसला किया गया है, जिसमें इस विधेयक को पेश कर पारित कराने की योजना है. इस कदम को महिलाओं के बीच भाजपा की पकड़ मजबूत करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है.
संसद के इस विशेष सत्र से पहले भाजपा ने देशभर में महिलाओं तक अपनी बात पहुंचाने के लिए व्यापक अभियान की तैयारी की है. पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन ने इस संबंध में भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ वर्चुअल बैठक की है. इसके अलावा विभिन्न राज्यों के नेताओं से भी चर्चा की गई है कि महिला आरक्षण विधेयक को लेकर महिलाओं के बीच कैसे जागरूकता बढ़ाई जाए और सरकार के प्रयासों को प्रभावी ढंग से बताया जाए. पार्टी का लक्ष्य यह संदेश देना है कि महिला आरक्षण को लागू करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं और इसे 2029 के आम चुनाव से लागू करने की तैयारी है.
महिला कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे पीएम
इस अभियान को लेकर नितिन नबीन पहले ही कई दौर की बैठकें कर चुके हैं, जिनमें महिला नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों के साथ रणनीति बनाई गई. इन बैठकों में यह विचार किया गया कि किस तरह महिलाओं तक ज्यादा से ज्यादा पहुंच बनाई जाए और इस मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाया जाए. खबरों के मुताबिक, 13 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिला कार्यकर्ताओं को संबोधित कर सकते हैं, जिसमें वे इस विधेयक और सरकार की मंशा के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे.
इसके साथ ही प्रधानमंत्री महिला उद्यमियों से संवाद करेंगे और सोशल मीडिया पर सक्रिय महिला इन्फ्लुएंसर्स को भी इस अभियान से जोड़ने की योजना है. संसद के विशेष सत्र के दौरान कई प्रमुख महिला हस्तियों को विजिटर गैलरी में आमंत्रित करने की तैयारी है, ताकि वे इस ऐतिहासिक प्रक्रिया को प्रत्यक्ष देख सकें.
भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने राज्यों में इससे जुड़े कार्यक्रम आयोजित करें और स्थानीय स्तर पर महिला प्रतिनिधियों को जोड़ें. कुल मिलाकर, बंगाल चुनाव से पहले महिलाओं के मुद्दे को केंद्र में रखकर भाजपा एक मजबूत चुनावी माहौल बनाने की कोशिश कर रही है.


