मेघालय में पति की हत्या, यूपी में पकड़ी गई पत्नी सोनम: 19 दिन की क्राइम स्टोरी का सनसनीखेज अंत

इंदौर के नवविवाहित जोड़े की मेघालय में हनीमून के दौरान हुई रहस्यमयी घटना का पर्दाफाश हो गया है. 11 मई को शादी के बाद राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम 20 मई को हनीमून के लिए मेघालय गए थे. दो दिन बाद दोनों का परिवारों से संपर्क टूट गया. 2 जून को राजा की लाश एक खड्ड से बरामद हुई, जबकि सोनम लापता रही.

Deeksha Parmar
Edited By: Deeksha Parmar

इंदौर के नवविवाहित कपल की हनीमून ट्रिप पर गए राजा रघुवंशी की हत्या और उनकी पत्नी सोनम की रहस्यमयी गुमशुदगी का राज आखिरकार 19 दिन बाद खुल गया है. मेघालय और मध्य प्रदेश की पुलिस जब पहाड़ियों और झाड़ियों में सुराग तलाश रही थी, तब असली साजिश यूपी में पल रही थी. 9 जून को गाजीपुर से सोनम को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिससे इस हाई प्रोफाइल केस में बड़ा मोड़ आ गया है.

पुलिस सूत्रों का दावा है कि सोनम का एक युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा था और उसी के चलते उसने पति की हत्या की साजिश रची. हैरानी की बात यह रही कि सोनम ने खुद अपने भाई को फोन कर अपनी लोकेशन बताई और उसी फोन कॉल से उसका पर्दाफाश हो गया. गाजीपुर पुलिस ने सोनम को तीन अन्य आरोपियों के साथ धर दबोचा है.

एमपी से शुरू हुई इस क्राइम स्टोरी की कहानी

इस पूरे केस की शुरुआत 11 मई से होती है, जब मध्य प्रदेश के इंदौर में सोनम और राजा रघुवंशी की शादी हुई. इसके कुछ दिन बाद, 20 मई को दोनों हनीमून के लिए मेघालय रवाना हो गए. लेकिन 22 मई के बाद से दोनों का अपने परिवारों से संपर्क टूट गया. कॉल नहीं लगने और लोकेशन ट्रेस न हो पाने पर परिजनों ने लापता होने की शिकायत दर्ज कराई.

मेघालय में मिला राजा का शव, गायब रही सोनम

पुलिस ने मेघालय की पहाड़ियों और जंगलों में खोजबीन शुरू की. दुकानों के CCTV खंगाले गए और कई जगह तलाशी अभियान चलाया गया. इस दौरान सोनम का एक जैकेट झाड़ियों में मिला और फिर उनकी स्कूटी भी लावारिस हालत में बरामद हुई. बड़ी कामयाबी 2 जून को मिली जब राजा रघुवंशी का शव एक खड्ड से बरामद हुआ. लेकिन सोनम का कोई सुराग नहीं मिला.

उम्मीद में उलटी तस्वीर लगाई गई

जहां राजा के परिवार ने उसके अंतिम संस्कार की तैयारियां कीं, वहीं सोनम का परिवार उसकी सलामती की दुआ कर रहा था. मान्यता के अनुसार खोए हुए व्यक्ति की वापसी के लिए उन्होंने सोनम की उलटी तस्वीर घर के बाहर टांग दी थी. इस बीच मेघालय और इंदौर पुलिस सोनम को ढूंढने में लगी रही.

यूपी के गाजीपुर में पकड़ी गई सोनम

9 जून की सुबह केस में बड़ा खुलासा हुआ जब यूपी के गाजीपुर के नंदगंज इलाके में एक ढाबा संचालक ने पुलिस को सूचना दी कि एक युवती वहां आई है और उसने अपने भाई को वीडियो कॉल की है. उस ढाबे वाले ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को खबर दी. इंदौर पुलिस ने तुरंत गाजीपुर पुलिस को सतर्क किया और सोनम को तीन अन्य लोगों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया.

प्रेम-प्रसंग बना हत्या की वजह!

पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि सोनम का एक युवक से प्रेम संबंध था और उसी के चलते उसने राजा की हत्या की साजिश रची. सोनम के शरीर पर किसी भी तरह की चोट या जबरदस्ती के निशान नहीं मिले. शुरुआती पूछताछ में सोनम ने कबूल किया है कि उसने एमपी और यूपी के रहने वाले तीन अन्य लोगों के साथ मिलकर राजा की हत्या की. इन चारों को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag