10 साल की रंजिश का खूनखराबा, बेलगावी में सरेआम हत्या, 16 बार चाकू से किया वार

कर्नाटक के बेलगावी जिले में बदले की आग ने एक खौफनाक रूप ले लिया, जब 10 साल पुरानी रंजिश में एक व्यक्ति ने दिनदहाड़े अपने प्रतिद्वंदी की सरेआम चाकू से गोदकर हत्या कर दी. यह सनसनीखेज वारदात सवादत्ती तालुक के हुलिकट्टी गांव के पास हुई, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: कर्नाटक के बेलगावी जिले से सामने आई एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. सवादत्ती तालुक के हुलिकट्टी गांव के पास सार्वजनिक सड़क पर एक व्यक्ति ने अपने कथित प्रतिद्वंदी की बेरहमी से हत्या कर दी. यह हत्या किसी अचानक हुए झगड़े का नतीजा नहीं, बल्कि 10 साल से दिल में पल रही प्रतिशोध की आग का अंजाम बताई जा रही है.

आरोप है कि इरय्या माथापति ने सोमवार (2 फरवरी) को बसप्पा होसमानी (51) की चाकू से गोदकर हत्या कर दी. वजह 10 साल पहले बसप्पा का इरय्या की मां के साथ घर छोड़कर चले जाना. यह खौफनाक वारदात दिनदहाड़े हुई, जिससे मौके पर मौजूद लोग सहम गए और पूरे इलाके में दहशत फैल गई.

येल्लम्मा मंदिर के रास्ते में पहले से रची थी साजिश

जानकारी के मुताबिक, आरोपी इरय्या येल्लम्मा मंदिर जाने वाले रास्ते पर पहले से घात लगाकर बैठा था. जैसे ही कोल्हापुर से लौट रहे बसप्पा होसमानी वहां पहुंचे, इरय्या ने उन्हें साइकिल से नीचे गिराया और ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया.

सीने, गर्दन और धड़ पर 16 बार चाकू से वार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इरय्या ने बसप्पा पर सीने, गर्दन और धड़ पर कुल 16 बार चाकू से वार किए. हमला इतना निर्मम था कि बसप्पा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. आसपास मौजूद लोग सब कुछ देखते रह गए, लेकिन भय और अचानक हुए हमले के कारण कोई भी बीच-बचाव नहीं कर सका.

लाश पर पैर रखकर किया पुलिस को फोन

हत्या के बाद भी आरोपी का खौफनाक व्यवहार यहीं नहीं रुका. इरय्या ने मृतक के शव पर पैर रखा और खुद पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी. पुलिस के पहुंचने तक वह वहीं खड़ा रहा, मानो उसने जो किया उस पर उसे कोई पछतावा ही न हो.

हिरासत में कबूलनामा

पुलिस हिरासत में इरय्या ने अपना जुर्म कबूल करते हुए कहा,"दस साल पहले, बसप्पा मेरी माँ को लेकर भाग गया था. वह महाराष्ट्र के कोल्हापुर में बस गया, लेकिन मैंने सही समय का इंतजार किया. जब वह लौटा, तो मैंने उसे मार डाला."

हत्या का मामला दर्ज

सवादत्ती पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस अपराध में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी. अधिकारियों ने गवाहों से सामने आने की अपील की है.

इलाके में दहशत

स्थानीय लोगों ने इस वारदात को "भयानक" और "रोंगटे खड़े कर देने वाला" बताया. लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े सड़क पर इस तरह की हत्या ने सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. बेलगावी जिले में घटना के बाद तनाव और आक्रोश का माहौल है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag