गुरेज घाटी के स्कूल के लिए अक्षय कुमार ने दिए 1 करोड़ रुपये

अक्षय कुमार ने जम्मू-कश्मीर के गुरेज घाटी स्थित एक सरकारी स्कूल के विकास के लिए 1 करोड़ रुपये दान दिए, जिससे स्कूल में नया शिक्षा ब्लॉक और आधुनिक सुविधाएं तैयार की गईं.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने जम्मू-कश्मीर के दूरदराज स्थित गुरेज घाटी के एक सरकारी स्कूल के विकास के लिए बड़ा योगदान दिया है. अभिनेता ने वर्ष 2021 में बांदीपोरा जिले के सरकारी मिडिल स्कूल नीरो तुलैल को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की थी. इस सहयोग से स्कूल के बुनियादी ढांचे में बड़ा बदलाव आया है और अब वहां छात्रों के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस नया शिक्षा ब्लॉक तैयार हो चुका है.

नए भवन का नाम क्या रखा गया? 

स्कूल में बने इस नए भवन का नाम “श्री हरि ओम भाटिया शिक्षा ब्लॉक” रखा गया है, जिसे अक्षय कुमार ने अपने दिवंगत पिता की स्मृति को समर्पित किया है. नियंत्रण रेखा के करीब स्थित इस सीमावर्ती इलाके में लंबे समय से शिक्षा सुविधाओं की कमी महसूस की जा रही थी. ऐसे में अभिनेता की मदद से अब बच्चों को बेहतर माहौल में पढ़ाई करने का अवसर मिल रहा है.

नए शिक्षा ब्लॉक में आधुनिक कक्षाएं, कंप्यूटर लैब, पुस्तकालय और शिक्षकों के लिए अलग कार्यालय बनाए गए हैं. इसके अलावा स्कूल की मध्याह्न भोजन व्यवस्था को भी पहले से बेहतर किया गया है. छात्रों के लिए साफ-सुथरी और व्यवस्थित सुविधाएं तैयार की गई हैं, जिससे उनकी पढ़ाई और दैनिक गतिविधियों में काफी सुधार आया है.

अक्षय ने गुरेज घाटी का दौरा कब किया? 

स्थानीय लोगों के मुताबिक, अक्षय कुमार ने वर्ष 2021 में सीमा सुरक्षा बल (BSF) के निमंत्रण पर गुरेज घाटी का दौरा किया था. इस दौरान उन्होंने तुलैल गांव के स्कूल में बच्चों और ग्रामीणों से मुलाकात की थी. कहा जाता है कि छात्रों की कठिन परिस्थितियों और सीमित संसाधनों को देखकर अभिनेता भावुक हो गए थे और तभी उन्होंने स्कूल की मदद करने का फैसला लिया.

गुरेज यात्रा के दौरान अक्षय कुमार ने सीमा पर तैनात बीएसएफ जवानों के साथ भी समय बिताया. उन्होंने सैनिकों के साथ बातचीत की, तस्वीरें खिंचवाईं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया. साथ ही उन्होंने क्षेत्र में बने युद्ध स्मारक पर पहुंचकर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की थी.

अब स्कूल में नई इमारत बनने के बाद छात्रों और शिक्षकों में खुशी का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर से बच्चों की पढ़ाई का स्तर सुधरेगा और दूरदराज के इस इलाके में शिक्षा को नई दिशा मिलेगी. वहीं कामकाज की बात करें तो अक्षय कुमार आने वाले समय में “वेलकम टू द जंगल” और “हैवान” जैसी फिल्मों में नजर आने वाले हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो