ट्विशा शर्मा केस: 10 दिन बाद पति समर्थ ने किया सरेंडर, जबलपुर पुलिस ने हिरासत में लिया
सरेंडर से कुछ घंटे पहले ही समर्थ के वकील ने कहा था कि उनका मुवक्किल कोर्ट में सरेंडर करेगा। लेकिन मौके पर काफी कन्फ्यूजन रहा। समर्थ एक कोर्टरूम से दूसरे कोर्टरूम जाता रहा और पुलिस उसे गिरफ्तार करने के लिए बाहर इंतजार करती रही।

भोपाल: एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में फरार चल रहे पति समर्थ सिंह ने शुक्रवार, 22 मई 2026 को जबलपुर कोर्ट में सरेंडर कर दिया। 10 दिन से फरार समर्थ के कोर्ट पहुंचते ही पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। इस हाई प्रोफाइल केस को लेकर पहले से ही CBI जांच की मांग उठ रही है। सरेंडर के वक्त मीडिया ने समर्थ को घेर लिया। एक रिपोर्टर ने बार बार पूछा कि क्या आप अपराधी हैं।
कोर्ट में रहा भ्रम का माहौल
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सरेंडर से कुछ घंटे पहले ही समर्थ के वकील ने कहा था कि उनका मुवक्किल कोर्ट में सरेंडर करेगा। लेकिन मौके पर काफी कन्फ्यूजन रहा। समर्थ एक कोर्टरूम से दूसरे कोर्टरूम जाता रहा और पुलिस उसे गिरफ्तार करने के लिए बाहर इंतजार करती रही। आखिर में जबलपुर पुलिस ने उसे कस्टडी में ले लिया।
हाईकोर्ट ने दी थी सरेंडर की इजाजत
हाईकोर्ट ने समर्थ को ट्रायल कोर्ट या भोपाल के कटारा पुलिस स्टेशन में सरेंडर करने की अनुमति दी थी। मामले की अगली सुनवाई सोमवार को रखी गई है। वकील ने कोर्ट में कहा था कि वह तुरंत सरेंडर करेगा। उसे अपनी पत्नी के अंतिम संस्कार की तैयारी करनी है।
पीड़ित पक्ष के वकील ने उठाए सवाल
ट्विशा शर्मा का केस लड़ रहे वकील अनुराग श्रीवास्तव ने कहा कि ट्रायल कोर्ट भोपाल में है और जांच अधिकारी भी भोपाल में हैं। समर्थ को उन्हीं के सामने सरेंडर करना चाहिए। अगर वह सरेंडर करना चाहता है तो ट्रायल कोर्ट या जांच अधिकारी के सामने ही करे। समर्थ के वकील ने कोर्ट को बताया कि वह अग्रिम जमानत की याचिका वापस ले लेगा।
12 मई को मिली थी ट्विशा की डेडबॉडी
गौरतलब है कि नोएडा की रहने वाली 33 साल की ट्विशा 12 मई को भोपाल स्थित ससुराल में मृत मिली थी। ट्विशा के परिवार ने ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया। वहीं सिंह परिवार का दावा है कि ट्विशा नशे की आदी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आत्महत्या की बात कही गई, लेकिन ट्विशा के परिवार ने इसे मानने से इनकार कर दिया और साजिश का आरोप लगाया।
कोर्ट ने दी दूसरे पोस्टमार्टम की मंजूरी
कोर्ट ने ट्विशा के शव का दूसरा पोस्टमार्टम कराने की अनुमति दे दी है। ट्विशा के पिता के वकील ने कहा कि समय तेजी से बीत रहा है, इसलिए मामले को प्राथमिकता दी जाए। दूसरी तरफ ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह के वकील ने इसका विरोध किया। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम पहले ही AIIMS के डॉक्टरों ने किया है। यह मेडिकल बिरादरी का अपमान है और दिखाता है कि उन्हें अपने ही डॉक्टरों पर भरोसा नहीं।


