CSK के इस पूर्व खिलाड़ी ने IPL से लिया संन्यास, घरेलू क्रिकेट को भी कहा अलविदा
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ऑलराउंडर विजय शंकर ने घरेलू क्रिकेट और इंडियन प्रीमियर लीग से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है.

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ऑलराउंडर विजय शंकर ने शुक्रवार को घरेलू क्रिकेट और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से संन्यास लेने की घोषणा कर दी. विजय शंकर ने बताया कि वह अब नए अवसरों की तलाश करना चाहते हैं और दुनिया भर में ज्यादा क्रिकेट खेलने के उद्देश्य से उन्होंने यह कदम उठाया है. उनके इस फैसले के बाद अब विदेशी टी-20 लीग्स में खेलने का रास्ता भी खुल गया है.
‘3डी प्लेयर’ के नाम से जाने जाते थे विजय
विजय शंकर लंबे समय तक भारतीय घरेलू क्रिकेट और आईपीएल का अहम हिस्सा रहे. उन्हें ‘3डी प्लेयर’ के नाम से भी जाना जाता था, क्योंकि वह बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों में योगदान देने की क्षमता रखते थे. उन्होंने साल 2018 में भारतीय टीम के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था. अपने करियर के दौरान उन्होंने भारत के लिए 12 वनडे और 9 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले.
— Vijay Shankar (@vijayshankar260) May 22, 2026
सोशल मीडिया पर साझा किए गए भावुक संदेश में विजय शंकर ने अपने क्रिकेट सफर को याद किया. उन्होंने लिखा कि क्रिकेट उनके जीवन का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है. उन्होंने 10 साल की उम्र में इस खेल को खेलना शुरू किया था और करीब 25 वर्षों तक क्रिकेट से जुड़े रहे. उन्होंने कहा कि खुद को बेहद भाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें हर स्तर पर क्रिकेट खेलने और देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला.
पूर्व ऑलराउंडर ने क्या कहा?
पूर्व ऑलराउंडर ने कहा कि भारतीय टीम की जर्सी पहनकर देश के लिए खेलना उनके जीवन के सबसे गर्व और खुशी भरे पलों में शामिल रहेगा. उन्होंने अपने प्रशंसकों, कोचों, टीम साथियों और उन सभी लोगों का आभार व्यक्त किया जिन्होंने उनके क्रिकेट करियर में उनका साथ दिया.
विजय शंकर ने यह भी स्पष्ट किया कि वह क्रिकेट से पूरी तरह दूर नहीं हो रहे हैं, बल्कि अब नए अवसरों और अधिक प्रतिस्पर्धी क्रिकेट की ओर कदम बढ़ाना चाहते हैं. घरेलू क्रिकेट और आईपीएल से संन्यास लेने के बाद अब उनके विदेशी लीग्स में खेलने की संभावना बढ़ गई है.
उनके इस फैसले के बाद क्रिकेट जगत में चर्चा तेज हो गई है. फैंस और साथी खिलाड़ियों ने सोशल मीडिया पर उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं. विजय शंकर का करियर भले ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लंबा नहीं रहा, लेकिन उन्होंने कई अहम मौकों पर अपनी उपयोगिता साबित की.


