'मैं थोड़ा नर्वस हूं...', प्लेबैक सिंगिंग से दूरी बनाने के बाद स्टेज पर लौटे अरिजीत सिंह,अनुष्का शंकर के साथ किया मंच साझा
प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट की घोषणा के बाद अरिजीत सिंह ने कोलकाता में पहला लाइव शो किया. अनुष्का शंकर के साथ उनकी प्रस्तुति को खूब सराहा गया. सोशल मीडिया पर उनके वीडियो वायरल हो रहे हैं.

कोलकाता: अरिजीत सिंह के रिटायरमेंट के ऐलान ने हाल ही में उनके प्रशंसकों को चौंका दिया था. प्लेबैक सिंगिंग छोड़ने की घोषणा के बाद फैंस भावुक हो गए और उनसे फैसला बदलने की अपील भी की. इसी बीच कोलकाता में हुए एक लाइव कॉन्सर्ट में अरिजीत को मंच पर देख कर उनके चाहने वालों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. यह प्लेबैक सिंगिंग से दूरी बनाने की घोषणा के बाद उनका पहला बड़ा लाइव शो था.
नेताजी इंडोर स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में अरिजीत सिंह ने मशहूर सितार वादक अनुष्का शंकर के साथ मंच साझा किया. उनके साथ तालवादक विक्रम घोष भी मौजूद थे. जैसे ही अरिजीत मंच पर पहुंचे, पूरा हॉल तालियों और उत्साह से गूंज उठा. दर्शकों ने खड़े होकर उनका स्वागत किया. मंच पर पहुंचते ही अरिजीत ने मुस्कुराते हुए कहा, “मैं थोड़ा नर्वस हूं. यहां बुलाने के लिए आप सभी का धन्यवाद.” उनकी सादगी और विनम्रता ने माहौल को और भी खास बना दिया.
बंगाली गीत से बांधा समां
इस खास शाम में अरिजीत ने बंगाली गीत ‘माया भोरा राती’ प्रस्तुत किया. यह गीत मूल रूप से लक्ष्मी शंकर द्वारा गाया गया था और इसका संगीत पंडित रवि शंकर ने तैयार किया था. अनुष्का शंकर के सितार और अरिजीत की आवाज ने मिलकर एक ऐसा सुर छेड़ा, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. सोशल मीडिया पर इस परफॉर्मेंस के कई वीडियो वायरल हो रहे हैं. एक वीडियो में अरिजीत गिटार बजाते हुए गाते नजर आ रहे हैं, वहीं अनुष्का शंकर अपने सितार से सुरों की जादूगरी दिखा रही हैं. दोनों कलाकारों की जुगलबंदी को खूब सराहा जा रहा है.
साथ में नए प्रोजेक्ट की झलक
कार्यक्रम के दौरान अरिजीत ने यह भी बताया कि वे अनुष्का शंकर के घर गए थे और वहां दोनों ने साथ मिलकर एक नई रचना पर काम किया है. इससे यह साफ हो गया कि भले ही उन्होंने प्लेबैक सिंगिंग से दूरी बनाई हो, लेकिन संगीत से उनका रिश्ता पहले जैसा ही मजबूत है.
रिटायरमेंट पर क्या कहा था?
27 जनवरी 2026 को अरिजीत ने सोशल मीडिया के जरिए घोषणा की थी कि वे अब फिल्मों के लिए प्लेबैक सिंगिंग नहीं करेंगे. उन्होंने अपने इस फैसले के लिए फैंस से समझ और समर्थन मांगा था. हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया था कि वे संगीत बनाना, कॉन्सर्ट करना और अपने स्वतंत्र गाने जारी करना जारी रखेंगे.


