Ramayana Teaser:रणबीर के राम लुक ने फैंस का जीता दिल, सीता रोल में छाई साई पल्लवी, लेकिन हनुमान को लेकर फैंस क्यों हो रहे नाराज?

आज हनुमान जयंती के खास मौके पर रामायण फिल्म का टीजर रिलीज कर दिया गया है. इस फिल्म में रणवीर कपूर भगवान राम की भूमिका में दिखाई दे रहे हैं. जबकि माता सीता का अहम रोल साई पल्लवी निभा रही हैं.

Sonee Srivastav

Ramayana Teaser: हनुमान जयंती के खास मौके पर रामायण फिल्म का टीजर जारी हो गया है. निर्देशक नितेश तिवारी की इस महाकाव्य फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम बने हैं. उनके भव्य पहले लुक ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है. प्रशंसक उनके रूप को देखकर काफी उत्साहित हैं, लेकिन टीजर में हनुमान जी की झलक न दिखने से कई लोग निराश भी दिख रहे हैं. 

लॉस एंजिल्स में हुई पहली झलक

मंगलवार को लॉस एंजिल्स में फिल्म की टीम ने टीजर की पहली झलक खास मेहमानों के लिए दिखाई. वहां रणबीर कपूर, नितेश तिवारी और सह-निर्माता नमित मल्होत्रा मौजूद थे. इस इवेंट के वीडियो जल्दी ही वायरल हो गए. बुधवार को मुंबई में डिजिटल रिलीज के साथ पूरी दुनिया को राम के रूप में रणबीर का लुक दिखाया गया.

रणबीर ने इस भूमिका को लेकर अपनी भावनाएं साझा की. उन्होंने भगवान राम को सदियों से अरबों लोगों की आत्मा के रक्षक बताया. रणबीर बोले, “वे करुणा, साहस, धर्म और क्षमा के प्रतीक हैं. उन्हें मर्यादा पुरुषोत्तम कहा जाता है, यानी आदर्श पुरुष.”

उन्होंने यह भी बताया कि चार साल पहले जब उन्हें यह रोल ऑफर हुआ तो वे डर गए थे. रणबीर ने कहा, “मुझे लगा मैं इसके योग्य नहीं हूं, लेकिन धीरे-धीरे यह डर कृतज्ञता में बदल गया. ऐसा अवसर जीवन में मिलता है तो खुद को बेहतर बनाने का मौका मिलता है.”

फिल्म की स्टार कास्ट और कहानी

रामायण दो भागों में बनी है. इसमें साई पल्लवी सीता का किरदार निभा रही हैं. यश रावण बनेंगे, जबकि सनी देओल हनुमान जी के रूप में नजर आएंगे. रवि दुबे लक्ष्मण का रोल करेंगे. पुराने रामायण सीरियल के राम अरुण गोविल अब राजा दशरथ बनेंगे.

लारा दत्ता कैकेयी और कुणाल कपूर इंद्र का किरदार निभाएंगे. फिल्म का पहला भाग दिवाली 2026 में रिलीज होने वाला है. यह महाकाव्य साहस, धर्म और मानवीय मूल्यों की गाथा है.

पत्नी अश्विनी का भावुक पोस्ट

निर्देशक की पत्नी अश्विनी अय्यर तिवारी ने भी टीजर पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने 2004 की पुरानी तस्वीर शेयर करते हुए इंस्टाग्राम पर लिखा कि टीजर देखकर उन्हें गहरी शांति मिली और आंखें नम हो गई. उन्होंने कहा कि कहानी पर घंटों बातें करने वाले दिनों की याद ताजा हो गई.

टीजर में रणबीर का राम रूप देखकर फैंस मंत्रमुग्ध हैं.कई लोगों ने इसे भव्य और प्रभावशाली बताया, लेकिन हनुमान जी को पूरी तरह न दिखाए जाने से कुछ प्रशंसक निराश हैं. वे सोशल मीडिया पर लिख रहे हैं कि सनी देओल का पावरफुल लुक भी जल्द दिखे. कुल मिलाकर, रामायण का यह टीजर दर्शकों में भारी उत्साह पैदा कर रहा है. 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो