क्या फिर लगेगा लॉकडाउन? 'वार लॉकडाउन' नोटिस ने मचाया हड़कंप, जानें असली सच

देशभर में लॉकडाउन की अफवाहों के बीच एक फर्जी पीडीएफ तेजी से वायरल हो रही है, जिसे दिल्ली सरकार का आधिकारिक नोटिस बताया जा रहा है.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

देशभर में पिछले कुछ दिनों से “क्या फिर लॉकडाउन लगेगा?” का सवाल सोशल मीडिया पर जोरों से चर्चा में है. इस बीच दिल्ली सरकार की ओर से 15 अप्रैल 2026 से आंशिक लॉकडाउन लगाने की घोषणा का एक पीडीएफ तेजी से वायरल हो रहा है. हालांकि सरकार की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक सूचना जारी नहीं की गई है.यह वायरल दस्तावेज़ पहली नजर में पूरी तरह आधिकारिक लग रहा है, जिससे कई लोग भ्रम में पड़ गए हैं. लेकिन असलियत कुछ और ही है. आज 1 अप्रैल 2026 है और यह पूरा मामला अप्रैल फूल की शरारत का हिस्सा साबित हुआ है.

वायरल पीडीएफ का दावा

वायरल हो रहे पीडीएफ का शीर्षक है – “दिल्ली सरकार की प्रेस रिलीज: 15 अप्रैल 2026 से आंशिक लॉकडाउन लागू करने की घोषणा”. कुछ संस्करणों में इसे “वार लॉकडाउन नोटिस” नाम भी दिया गया है. दस्तावेज़ का डिजाइन और भाषा इतना पेशेवर है कि लोग आसानी से इसे असली मान बैठते हैं.

असलियत क्या है?

जब इस पीडीएफ को खोला जाता है तो अंदर कोई सरकारी आदेश या नोटिफिकेशन नहीं मिलता. बल्कि एक बड़े इमोजी के साथ सिर्फ “अप्रैल फूल” लिखा हुआ दिखाई देता है. यानी यह पूरा दस्तावेज़ एक सोची-समझी मजाकिया शरारत है, जिसे 1 अप्रैल के मौके पर बनाया गया है.

अप्रैल फूल की शरारत क्यों सफल हो रही है?

1 अप्रैल को लोग जानबूझकर चौंकाने वाले और हंसाने वाले मजाक करते हैं. इस बार कई कंटेंट क्रिएटर्स और मीम पेजेस ने लॉकडाउन जैसे संवेदनशील विषय को चुना, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसे शेयर करें. आकर्षक शीर्षक और आधिकारिक दिखने वाला फॉर्मेट देखकर लोग बिना जांचे इसे आगे फॉरवर्ड कर रहे हैं.

व्हाट्सएप पर फैल रहा भ्रम

यह पीडीएफ मुख्य रूप से व्हाट्सएप ग्रुप्स और चैट्स के जरिए तेजी से फैल रहा है. कई लोग इसे परिवार और दोस्तों के साथ शेयर कर रहे हैं, जिससे अनावश्यक घबराहट और तनाव फैल रहा है. कुछ लोग सच में डर गए हैं कि कहीं फिर से लॉकडाउन तो नहीं लग जाएगा.

सरकार की ओर से कोई घोषणा नहीं

सरकार की ओर से अभी तक लॉकडाउन या किसी तरह की पाबंदी को लेकर कोई आधिकारिक बयान या नोटिस जारी नहीं किया गया है. विशेषज्ञों की सलाह है कि ऐसी किसी भी अफवाह को फैलाने से पहले उसकी सत्यता जरूर जांच लें.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो