50 साल बाद फिर गूंजेगा 'शोले' का जादू, IIFA में होगा ग्रैंड सेलिब्रेशन

Sholay 50 Years: भारतीय सिनेमा की ऐतिहासिक फिल्म 'शोले' अपनी गोल्डन जुबली मना रही है. इस खास मौके पर इसे आइफा 2025 में विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा. जयपुर के प्रतिष्ठित राज मंदिर सिनेमा में आयोजित इस स्क्रीनिंग के जरिए दर्शकों को एक बार फिर सिनेमा के उस स्वर्णिम युग की यादें ताजा करने का मौका मिलेगा.

Shivani Mishra
Edited By: Shivani Mishra

Sholay 50 Years: भारतीय सिनेमा की ऐतिहासिक फिल्म 'शोले' को उसकी गोल्डन जुबली के मौके पर अंतरराष्ट्रीय भारतीय फिल्म अकादमी (आइफा) के 25वें संस्करण में विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा. यह आयोजन जयपुर के प्रतिष्ठित राज मंदिर सिनेमा में होगा, जहां इस कालजयी फिल्म की स्क्रीनिंग के जरिए दर्शकों को पुरानी यादों में लौटने का अवसर मिलेगा.

आइफा के आयोजकों ने यह खास पहल 'शोले' की 50वीं वर्षगांठ और आइफा की रजत जयंती को एक साथ मनाने के लिए की है. इस आयोजन में फिल्म के दिग्गज सितारों अमिताभ बच्चन, धर्मेंद्र, संजीव कुमार और अमजद खान के शानदार अभिनय को बड़े पर्दे पर फिर से देखने का मौका मिलेगा.

राज मंदिर में होगी स्पेशल स्क्रीनिंग

आइफा के सह-संस्थापक आंद्रे टिमिन्स ने इस अवसर पर कहा, "आईफा 2025 केवल एक उत्सव नहीं है, बल्कि यह समय के साथ एक यात्रा है, जिसमें जयपुर के ऐतिहासिक राज मंदिर में 'शोले' की विरासत का सम्मान किया जाएगा. हम इस समारोह में आइफा की रजत जयंती भी मना रहे हैं, जिसने कई पीढ़ियों के दिलों को छुआ है और सिनेमा के जादू को जीवंत रखा है."

उन्होंने आगे कहा कि 'शोले' महज एक फिल्म नहीं, बल्कि एक भावना है. टिमिन्स ने कहा, "इसकी विरासत का सम्मान करने के लिए राज मंदिर से बेहतर कोई स्थान नहीं हो सकता. यह थिएटर पिछले पांच दशकों से फिल्म प्रेमियों के लिए मील का पत्थर रहा है."

भारतीय सिनेमा की क्लासिक मास्टरपीस

'शोले' भारतीय फिल्म इतिहास की सबसे प्रतिष्ठित फिल्मों में से एक है. इस फिल्म में अमिताभ बच्चन, धर्मेंद्र, संजीव कुमार, जया बच्चन, हेमा मालिनी और अमजद खान जैसे दिग्गज कलाकारों ने अपनी अद्भुत अदाकारी से इसे अमर बना दिया.

फिल्म की कहानी रामगढ़ गांव के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां पूर्व पुलिस अधिकारी ठाकुर बलदेव सिंह (संजीव कुमार) कुख्यात डाकू गब्बर सिंह (अमजद खान) से बदला लेने के लिए जय (अमिताभ बच्चन) और वीरू (धर्मेंद्र) नाम के दो अपराधियों की मदद लेता है. इस फिल्म ने अपने संवादों, किरदारों और दृश्यों के जरिए भारतीय दर्शकों के दिलों में अमिट छाप छोड़ी है.

50 वर्षों बाद भी अटूट लोकप्रियता

1975 में रिलीज हुई 'शोले' आज भी सिनेमा प्रेमियों के लिए उतनी ही खास है जितनी पहली बार रिलीज होने पर थी. इसके संवाद, पात्र और कहानी भारतीय सिनेमा की धरोहर बन चुके हैं. अब जब यह फिल्म अपनी 50वीं वर्षगांठ मना रही है, तो जयपुर में इसका विशेष प्रदर्शन दर्शकों को एक बार फिर उस स्वर्णिम युग में ले जाएगा.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो