आवाज कहां तक जानी चाहिए? लाहौर तक...विजय दिवस पर रिलीज हुआ बॉर्डर 2 का टीजर, खूंखार अंदाज में नजर आए सनी देओल

सनी देओल की बहुप्रतीक्षित फिल्म बॉर्डर 2 का टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है. दमदार देशभक्ति अंदाज, मजबूत स्टारकास्ट और भावनात्मक युद्ध दृश्यों ने फैंस की उम्मीदें बढ़ा दी हैं.

Yaspal Singh
Edited By: Yaspal Singh

मुंबईः बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल की बहुप्रतीक्षित फिल्म बॉर्डर 2 का टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है. टीजर में सनी देओल का वही दमदार और जोशीला अंदाज देखने को मिल रहा है, जिसने 1997 में आई सुपरहिट फिल्म बॉर्डर को इतिहास बना दिया था. जैसे ही टीजर सामने आया, दर्शकों के बीच देशभक्ति का जज्बा फिर से जाग उठा और फैंस ने इसे हाथोंहाथ वायरल कर दिया.

पुरानी ‘बॉर्डर’ की यादें हुईं ताजा

टीजर में सनी देओल का एंट्री सीन देखते ही दर्शकों को उनकी आइकॉनिक डायलॉग डिलीवरी और जोशीला अवतार याद आ गया. यही वजह है कि फैंस कह रहे हैं कि बॉर्डर 2 उन्हें सीधे 1997 की बॉर्डर की दुनिया में ले जाती है. टीजर में युद्ध का माहौल, सैनिकों का साहस और देश के लिए मर-मिटने का जुनून साफ नजर आता है, जो दर्शकों के रोंगटे खड़े कर रहा है.

मजबूत स्टारकास्ट से बढ़ी उम्मीदें

बॉर्डर 2 में सनी देओल के साथ वरुण धवन, अहान शेट्टी और दिलजीत दोसांझ जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. टीजर में सभी कलाकारों की झलक ने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है. वरुण धवन का गंभीर और सैनिक अवतार, अहान शेट्टी की मजबूती और दिलजीत दोसांझ की सादगी भरी मौजूदगी फिल्म को और खास बनाती है. फैंस को उम्मीद है कि यह स्टारकास्ट फिल्म को एक नए स्तर पर ले जाएगी.

सोशल मीडिया पर फैंस का जबरदस्त रिएक्शन

टीजर रिलीज होते ही ट्विटर, इंस्टाग्राम और फेसबुक पर फैंस ने अपनी प्रतिक्रियाएं देना शुरू कर दिया. एक यूजर ने लिखा, “फर्स्ट डे फर्स्ट शो, बॉर्डर 2 के लिए इंतजार खत्म.” वहीं दूसरे फैन ने जोश में लिखा, “धुरंधर तो ट्रेलर है, पाकिस्तानियों के लिए फुल मूवी आ रही है.” एक अन्य यूजर ने लिखा, “आवाज लाहौर तक जानी चाहिए, जय हिंद.” इस तरह के हजारों कमेंट्स यह साफ दिखाते हैं कि दर्शक फिल्म को लेकर कितने उत्साहित हैं.

देशभक्ति फिल्मों की वापसी

बॉर्डर 2 का टीजर यह संकेत देता है कि बॉलीवुड में एक बार फिर बड़ी देशभक्ति फिल्मों का दौर लौट रहा है. लंबे समय बाद सनी देओल को इसी जॉनर में देखना उनके फैंस के लिए किसी तोहफे से कम नहीं है. टीजर में दिखाया गया भावनात्मक जुड़ाव और युद्ध का रोमांच दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच लाने की पूरी ताकत रखता है.

टीजर ने बढ़ाई फिल्म की एक्साइटमेंट

हालांकि यह सिर्फ एक टीजर है, लेकिन इसने फिल्म को लेकर उम्मीदों का स्तर काफी ऊंचा कर दिया है. दर्शक अब बेसब्री से बॉर्डर 2 के ट्रेलर और रिलीज डेट का इंतजार कर रहे हैं. अगर टीजर जैसा दम फिल्म में भी देखने को मिला, तो यह कहना गलत नहीं होगा कि बॉर्डर 2 बॉक्स ऑफिस पर बड़ा धमाका कर सकती है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag