'हमने हाथ गाड़ी से शव ढोए', नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मौजूद कुलियों ने बताई भयावह हादसे की दास्तां

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार देर रात प्रयागराज जाने के लिए भारी भीड़ के कारण भगदड़ मच गई. इस दर्दनाक हादसे में करीब 18 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य लोग घायल हो गए. अब वहां मौजूद कुलियों ने आंखो देखा हाल बताया है. कुली का कहना है कि उन्होंने हाथ गाड़ी से शव ढोए हैं. वहीं रेलवे विभाग ने भी इस घटना पर सफाई दी है

Yaspal Singh
Edited By: Yaspal Singh

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार देर रात मची भगदड़ के दौरान वहां मौजूद रहे कुलियों ने बताया कि उन्होंने हाथगाड़ियों पर शवों को ढोया था. इस हादसे में अब तक 18 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 12 से अधिक घायल हुए हैं. 

फुटओवर ब्रिज पर भारी भीड़ जमा हो गई

स्टेशन पर कुली के रूप में काम करने वाले कृष्ण कुमार जोगी ने बताया कि जब प्रयागराज जाने वाली ट्रेन स्टेशन पर पहुंची तो भीड़ अचानक बढ़ गई. उन्होंने कहा कि फुटओवर ब्रिज पर भारी भीड़ जमा हो गई. भीड़ इतनी ज्यादा थी कि कई लोगों का दम घुटने लगा. करीब 10 से 15 लोगों की जान वहीं चली गई. उन्होंने कहा कि मैंने पूरी घटना अपनी आंखों से देखी. हमने प्लेटफॉर्म नंबर 14 और 15 से शवों को एंबुलेंस तक पहुंचाया."

इस भगदड़ के कारणों पर उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु उपाध्याय ने रविवार को कहा कि फुटओवर ब्रिज से प्लेटफॉर्म नंबर 14 और 15 की ओर उतरते समय कुछ लोग फिसल गए और अन्य लोगों के ऊपर गिर गए. 

चप्पलें, जूते और अन्य सामान बिखरा हुआ था

एक अन्य कुली बलराम ने घटना के संबंध में कहा कि हमने शवों को उन्हीं हाथगाड़ियों पर ढोया जिनका उपयोग हम सामान उठाने के लिए करते हैं. मैं 15 साल से कुली हूं, लेकिन इतनी भारी भीड़ मैंने पहले कभी नहीं देखी. 

एक अन्य कुली ने बताया कि शनिवार रात करीब 9:30 बजे जब प्रयागराज जाने वाली ट्रेन स्टेशन पर पहुंची तो भीड़ अचानक बढ़ गई. उन्होंने कहा कि लोगों की चप्पलें, जूते और अन्य सामान बिखरा हुआ था. हमने कई बच्चों और बुजुर्गों को भीड़ से बाहर निकाला."

अधिकारियों ने बताया कि महाकुंभ के कारण प्रयागराज जाने वाली ट्रेनों में चढ़ने के लिए प्लेटफॉर्म नंबर 14 और 15 पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी जिससे यह भगदड़ मची. रेलवे ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है. रेलवे के अनुसार, गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को 2.5 लाख रुपये और मामूली रूप से घायल हुए लोगों को एक लाख रुपये दिए जाएंगे.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो