अहमदाबाद क्रैश जैसा हादसा! एयर इंडिया के बोइंग में स्विच ऑटोमैटिक रन से हुआ कट-ऑफ, DGCA को दी गई सूचना
एक बार फिर अहमदाबाद प्लेन क्रैश जैसा हादसा टल गया है. एयर इंडिया के बोइंग 787 ड्रीमलाइनर में फिर से ईंधन कंट्रोल स्विच की समस्या सामने आई, जिसमें स्विच अपने आप रन से कट-ऑफ हो गया था

नई दिल्ली: एयर इंडिया के बोइंग 787 ड्रीमलाइनर में फिर से ईंधन कंट्रोल स्विच की समस्या सामने आई है. यह घटना लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट पर हुई, जो पिछले साल जून में अहमदाबाद क्रैश की जांच को प्रभावित कर सकती है. वहां भी स्विच अपने आप "रन" से "कट-ऑफ" हो गया था, जिससे इंजन बंद होने का खतरा था.
हीथ्रो पर हुई घटना की पूरी जानकारी
1 फरवरी को बोइंग 787 (VT-ANX) विमान लंदन से बेंगलुरु के लिए फ्लाइट AI-132 तैयार कर रहा था. इंजन शुरू करने से पहले पायलट ने बाएं ईंधन स्विच को हल्के से दबाकर चेक किया कि लॉक सिस्टम काम कर रहा है या नहीं, लेकिन स्विच बिना उठाए ही "कट-ऑफ" की तरफ चला गया.
बोइंग 787 में यह दो-कदमी सिस्टम है पहले स्विच को उठाना पड़ता है, ताकि गलती से ईंधन बंद न हो. दूसरी बार भी यही हुआ, लेकिन तीसरी बार में स्विच ठीक से लॉक रहा. करीब 35 मिनट देरी से विमान 9:40 बजे उड़ा और बेंगलुरु पहुंचने के बाद इसे ग्राउंड कर दिया गया.
पुराने क्रैश जांच पर उठे सवाल
जून 2025 में अहमदाबाद से उड़ान भरते ही एयर इंडिया बोइंग 787 (AI-171) क्रैश हो गया था, जिसमें दोनों स्विच "कट-ऑफ" हो गए थे. AAIB की शुरुआती रिपोर्ट में कोई तकनीकी खामी नहीं मिली, इसलिए पायलट की गलती मानी गई. DGCA ने सभी विमानों के स्विच की जांच कराई और एयर इंडिया ने कोई समस्या न होने की पुष्टि की.
अब लंदन की घटना से डिजाइन में कमी की आशंका बढ़ गई है. विशेषज्ञों का कहना है कि स्विच का अनियंत्रित मूवमेंट मैकेनिकल फेलियर या अन्य वजह से हो सकता है, जो पुरानी जांच को चुनौती देता है.
एयर इंडिया और बोइंग की प्रतिक्रिया
एयर इंडिया ने बयान में कहा, "पायलट ने स्विच में संभावित खराबी बताई. हमने विमान को रोक दिया है और बोइंग से जांच करवा रहे हैं. DGCA को जानकारी दे दी गई है. पहले जांच में कोई समस्या नहीं मिली थी. "बोइंग ने कहा, "हम एयर इंडिया के साथ मिलकर इसकी जांच कर रहे हैं." एविएशन सेफ्टी एक्सपर्ट कैप्टन अमित सिंह ने कहा कि 2018 में अमेरिकी नियामक ने बोइंग 787 स्विच में खराबी की चेतावनी दी थी.


