'कपड़े फाड़े, अश्लील हरकतें की और रेप...'भीड़ में चीखती रही महिला, वीडियो बनाते रहे लोग; पीड़िता ने पुलिस को बताई पूरी सच्चाई
बिहार से एक शर्मनाक मामला सामने आया है. बीच सड़क पर एक विवाहित महिला के साथ 3 लड़कों से अश्लील हरकत की. वहां खड़े सभी लोग तमाशा देखते रहे और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए.

नालंदा: बिहार के नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र में 26 मार्च की शाम एक विवाहित महिला के साथ बेहद घृणित घटना हुई है. घर लौटते समय तीन युवकों ने उसे घेर लिया और सरेआम उसके साथ अश्लील हरकतें की. रेप की कोशिश की गई. महिला ने चीख-पुकार मचाई, लेकिन भीड़ इकट्ठी होने पर भी किसी ने उसे बचाने की कोशिश नहीं की. उल्टे कई लोग मोबाइल निकालकर वीडियो बनाने लगे.
घटना का वीडियो हुआ वायरल
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिससे पूरे बिहार में आक्रोश फैल गया. वीडियो में साफ दिख रहा है कि महिला मदद के लिए गिड़गिड़ा रही थी, लेकिन लोग सिर्फ तमाशा देखते रहे और रिकॉर्डिंग करते रहे. आरोपियों ने महिला के कपड़े फाड़े और उसका अपमान किया. महिला किसी तरह खुद को बचाने में सफल रही.
पीड़िता का बयान
महिला ने पुलिस को बताया कि वह पास की दुकान से सामान (राशन या किराना) लेकर घर लौट रही थी. रास्ते में अचानक तीन युवक उसे घेरकर उसके साथ बदसलूकी करने लगे. जब वह चिल्लाई तो आसपास के लोग जमा हो गए, लेकिन किसी ने मदद नहीं की. बाद में भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने वीडियो बनाकर उसे वायरल कर दिया.
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एक्शन लिया. वीडियो के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. तीसरे आरोपी की तलाश जारी है. सदर एसडीपीओ संजय जायसवाल खुद मौके पर पहुंचे और पीड़िता से बात की. जांच तेज कर दी गई है.
महिला के चरित्र पर उठा सवाल
घटना के बाद गांव के कुछ लोग महिला के चरित्र पर सवाल उठा रहे हैं और उसे अलग-थलग करने की कोशिश कर रहे हैं. मीडिया पहुंचने पर भी ग्रामीण विरोध कर रहे हैं. पुलिस अभी मीडिया से विस्तार से बात नहीं कर रही है.
विपक्ष ने सरकार को घेरा
इस शर्मनाक घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है. विपक्ष ने सरकार पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए हैं. एक मंत्री ने कहा कि इस मामले में राजनीति नहीं होनी चाहिए, इसे कानूनी और सामाजिक स्तर पर निपटाया जाना चाहिए.


