IMD अलर्ट: अप्रैल में बढ़ेगी गर्मी, कई राज्यों में लू का कहर, वहीं पूर्वोत्तर में बारिश के आसार

अप्रैल की शुरुआत में पूरे देश में जो थोड़ी राहत मिली थी, वह धीरे-धीरे खत्म हो रही है और गर्मी फिर से बढ़ने लगी है. जहां उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में गर्मी तेज़ी से बढ़ रही है, वहीं पूर्वी राज्यों, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में बारिश और आंधी-तूफान आने की संभावना है.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: देशभर में अप्रैल की शुरुआत में मिली हल्की राहत अब धीरे-धीरे खत्म होती दिख रही है और गर्मी ने फिर से अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है. कई इलाकों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और लू के थपेड़े लोगों की परेशानी बढ़ा रहे हैं. ऐसे में बदलते मौसम के बीच लोगों को एक बार फिर सतर्क रहने की जरूरत है.

भारत मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 14 अप्रैल से देश के मौसम में बड़े बदलाव के संकेत हैं. जहां एक ओर उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में गर्मी तेजी से बढ़ेगी, वहीं पूर्वोत्तर राज्यों, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में बारिश और आंधी-तूफान देखने को मिल सकते हैं.

ऊपरी हवाओं के सिस्टम से बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, पाकिस्तान और राजस्थान के आसपास ऊपरी हवा में बना चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय बना हुआ है. इसके अलावा बिहार के उत्तर-पूर्वी हिस्से और असम के मध्य भाग में भी इसी तरह की मौसमी गतिविधियां बनी हुई हैं.

उत्तर प्रदेश से मणिपुर तक फैला पूर्व-पश्चिम ट्रफ और बिहार से तमिलनाडु तक सक्रिय उत्तर-दक्षिण ट्रफ भी मौसम को प्रभावित कर रहे हैं. इसके साथ ही उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर तेज रफ्तार वाली सब-ट्रॉपिकल वेस्टर्ली जेट स्ट्रीम सक्रिय है. 15 अप्रैल की रात से एक नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ भी पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित कर सकता है.

43 डिग्री के पार पहुंचा तापमान

देश के कई हिस्सों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है. अगले कुछ दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है.

मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में भी तापमान में 2 से 5 डिग्री तक की बढ़ोतरी होने के आसार हैं. फिलहाल देश में सबसे अधिक तापमान महाराष्ट्र के अकोला में 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.

इन राज्यों में लू का खतरा

14 से 19 अप्रैल के बीच सौराष्ट्र-कच्छ, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, झारखंड और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में हीटवेव चलने की संभावना है.

वहीं बिहार, ओडिशा, गुजरात, तमिलनाडु, केरल और आंध्र प्रदेश में गर्म और उमस भरा मौसम लोगों को परेशान कर सकता है. इन क्षेत्रों में गर्मी का असर और अधिक महसूस किया जाएगा.

पूर्वोत्तर और पहाड़ों में बारिश का दौर

पूर्वोत्तर भारत में व्यापक स्तर पर बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अनुमान है. अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज-चमक के साथ बारिश होगी.

कुछ इलाकों में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. पश्चिम बंगाल और सिक्किम के उप-हिमालयी क्षेत्रों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है.

वहीं जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 17 से 19 अप्रैल के बीच बारिश और आंधी-तूफान का असर देखने को मिल सकता है.

दिल्ली में बढ़ेगी गर्मी, नहीं मिलेगी राहत

राजधानी दिल्ली में आने वाले पांच दिनों में तापमान लगातार बढ़ेगा. अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री तक बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे गर्मी का असर तेज हो जाएगा.

अगले 24 घंटों में तापमान सामान्य से ऊपर जा सकता है. दिन में तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान करेंगी, जबकि रात में भी तापमान में 3 से 4 डिग्री तक बढ़ोतरी के कारण गर्मी महसूस होगी. फिलहाल बारिश के कोई संकेत नहीं हैं, लेकिन उमस बढ़ सकती है.

उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड का हाल

उत्तर प्रदेश में फिलहाल तापमान सामान्य के आसपास है, लेकिन आने वाले दिनों में इसमें 2 से 4 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है. दिन में तेज धूप और गर्म हवाएं चलेंगी. फिलहाल किसी बड़े बारिश सिस्टम के सक्रिय होने के संकेत नहीं हैं.

उत्तराखंड में 17 और 18 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना है. पहाड़ी क्षेत्रों में बादल छाए रहने से तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है.

बिहार-झारखंड में उमस बढ़ाएगी परेशानी

बिहार में तापमान धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री तक बढ़ेगा और उमस भरा मौसम लोगों को परेशान करेगा. हवा में नमी अधिक रहने से गर्मी ज्यादा महसूस होगी.

झारखंड में 17 और 18 अप्रैल को हीटवेव जैसी स्थिति बन सकती है. हालांकि कुछ जगहों पर हल्की बारिश या बादल राहत दे सकते हैं, लेकिन कुल मिलाकर गर्मी का असर बना रहेगा.

कुल मिलाकर 14 अप्रैल के बाद देश का मौसम दो अलग-अलग तस्वीरें पेश करेगा. एक तरफ पूर्वोत्तर और पहाड़ी इलाकों में बारिश और आंधी-तूफान से राहत मिलेगी, वहीं दूसरी ओर मैदानी और मध्य भारत में भीषण गर्मी और लू लोगों की मुश्किलें बढ़ाएगी. ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने, अधिक पानी पीने और धूप से बचने की सलाह दी है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो