कर्नाटक में सरकार बनते ही कलह, शपथ लेने के एक दिन बाद मंत्री का इस्तीफा

कर्नाटक में डी के शिवकुमार के सीएम बनते ही मुसीबत आनी शुरू हो गई है। शपथ के एक दिन बाद ही कैबिनेट में शामिल मंत्री रामलिंगा रेड्डी ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। गुरुवार की रात ही को विभागों का बंटवारा मुख्यमंत्री शिव कुमार ने किया था।

JBT Desk
Edited By: JBT Desk

बहुत मुश्किल और राजनीतिक उठा-पटक के बाद डी के शिवकुमार को कर्नाटक का मुख्यमंत्री पद मिला है। लेकिन शपथ लेने के 24 घंटे के अंदर ही रामलिंगा रेड्डी का इस्तीफा यह बताता है कि शिव कुमार के कैबिनेट के अंदर कलह की शुरूआत हो गई है। रेड्डी बेंगलुरु विभाग चाहते थे जबकि विभागों के बंटवारे में उन्हें जल संसाधन विभाग दे दिया गया था। इसके बाद उनकी नाराजगी इस्तीफा के रुप में सामने आई। रेड्डी ने मीडिया से कहा-मैं अभी भी कांग्रेस में हूं, मैंने पार्टी से इस्तीफा नहीं दिया है। पिछले 53 सालों में पार्टी की कई जिम्मेदारियां निभाई हैं। मैंने कई मुख्यमंत्रियों की कैबिनेट में मंत्री के तौर काम किया है। कभी किसी से मंत्री पद नहीं मांगा। 

मंत्रियों में विभागों का बंटवारा 

डीके शिवकुमार ने गुरुवार रात ही 13 मंत्रियों में विभागों का बंटवारा किया है। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे प्रियंक को गृह मंत्रालय दिया गया है। शिव कुमार ने वित्त, कैबिनेट अफेयर्स, कार्मिक प्रशासनिक सुधार, इंटेलीजेंस समेत कई विभाग अपने पास रखे हैं। 

कैबिनेट मीटिंग से बाहर चले गए थे रेड्डी 

न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार  विभाग तय करने के लिए गुरुवार को हुई पहली कैबिनेट मीटिंग से रेड्डी बाहर चले गए थे। बैठक में मंत्री ने मुख्यमंत्री डीके को 2023 में किए गए उस वादे की याद दिलाई, जिसमें कहा गया था कि जब भी कैबिनेट में फेरबदल होगा, उन्हें बेंगलुरु विकास विभाग दिया जाएगा।

डीके कैबिनेट में सिद्धारमैया-खड़गे के बेटों को अहमियत!

कैबिनेट मामलों और कार्मिक-प्रशासनिक सुधार सचिवालय ने गुरुवार को विभागों में बंटवारे का नोटिफिकेशन जारी किया। डिप्टी CM जी परमेश्वर को राजस्व और खेल विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। प्रियंक खड़गे को गृह विभाग (इंटेलिजेंस को छोड़कर), IT & BT और ई-गवर्नेंस का प्रभार मिला है।सतीश जारकी होली को लोक निर्माण विभाग दिया गया है। केएच मुनियप्पा खाद्य-नागरिक आपूर्ति उपभोक्ता मामलों का विभाग संभालेंगे। एमबी पाटिल को उद्योग विकास विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। केजे जॉर्ज ऊर्जा और पर्यटन विभाग संभालेंगे। कृष्णा बायरे गौड़ा को ग्रेटर बेंगलुरु डेवलपमेंट विभाग का प्रभार मिला है। यूटी खादर को स्वास्थ्य-परिवार कल्याण विभाग सौंपा गया है।
ईश्वर खंड्रे ग्रामीण विकास और पंचायत राज विभाग संभालेंगे। यतींद्र सिद्धारमैया को शहरी विकास विभाग दिया गया है।

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो