RSS मुख्यालय पर हमला करने की साजिश? नागपुर में 15 जिलेटिन स्टिक, 50 डेटोनेटर बरामद, शहर में हाई अलर्ट

महाराष्ट्र के नागपुर शहर में आज RSS के मुख्यालय से कुछ दूरी पर भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद हुई है. पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर जांच-पड़ताल शुरू लार दी है.

Sonee Srivastav

नागपुर: महाराष्ट्र के नागपुर शहर में मंगलवार सुबह एक चौंकाने वाली घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के मुख्यालय से कुछ दूरी पर भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद हुई है. पुलिस ने तुरंत इलाके को घेर लिया और जांच शुरू कर दी है.

संदिग्ध बैग में मिला विस्फोटक 

नागपुर के सीए रोड स्थित दोसर भवन चौक इलाके में मेट्रो स्टेशन के पास एक घर के छोटे गार्डन में एक संदिग्ध बैग पड़ा मिला. घर के मालिक की नजर बैग पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस, बम निरोधक दस्ते और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. जांच में बैग से 15 जिलेटिन स्टिक, 50 डेटोनेटर और 8 कनेक्टर बरामद किए गए. सभी सामग्री को सुरक्षित तरीके से जब्त कर लिया गया है.

कितने पुराने है विस्फोटक?

पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ये विस्फोटक पिछले एक से डेढ़ महीने से वहां रखे हो सकते हैं. अभी यह साफ नहीं है कि इन्हें किसने और क्यों वहां रखा था. मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है. पुलिस लोगों से पूछताछ कर रही है और संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है. कुछ अधिकारी इसे हाल ही में काटोल क्षेत्र में हुई विस्फोटक कंपनी की घटना से जोड़कर देख रहे हैं, लेकिन अभी कोई पुष्टि नहीं हुई है.

संवेदनशील इलाका

यह जगह काफी संवेदनशील मानी जाती है. यहां से करीब 200 मीटर दूर जामा मस्जिद, 500 मीटर दूर पोद्दारेश्वर राम मंदिर और डेढ़ से दो किलोमीटर की दूरी पर RSS मुख्यालय स्थित है. इन विस्फोटकों के मिलने से सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई है. इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.

पुलिस की सख्त निगरानी

नागपुर के सह पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी ने बताया कि मामले की गहन जांच चल रही है. उन्होंने कहा, “हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि गार्डन में विस्फोटक किसने रखे, इसके पीछे क्या मंशा थी और इनका इस्तेमाल कहां होना था.”

पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है. फिलहाल शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और कोई भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है.सुरक्षा बलों ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. जांच पूरी होने तक इलाके में सख्त निगरानी जारी रहेगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो