पटना में अरुणाचल की डांसरों के साथ बदसलूकी, 'मोमो-चिंकी' कहकर उड़ाया मजाक, वीडियो वायरल
पटना में अरुणाचल प्रदेश से आईं डांसर युवतियों के साथ कथित नस्लीय भेदभाव का मामला सामने आया है. वायरल वीडियो में उन्हें 'मोमो' और 'चिंकी' जैसे शब्दों से संबोधित किया गया, जिससे देश में संवेदनशीलता और सम्मान को लेकर बहस तेज हो गई है.

पटना: पटना से एक बेहद शर्मनाक और चिंताजनक मामला सामने आया है, जिसने देश में नस्लीय भेदभाव के मुद्दे को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है. अरुणाचल प्रदेश से आईं डांसर युवतियों के साथ रेलवे स्टेशन के वेटिंग हॉल में कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया गया और उन्हें नस्लीय टिप्पणियों का सामना करना पड़ा.
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें साफ तौर पर देखा जा सकता है कि युवतियों को 'मोमो', 'चिंकी' और 'चीनी' जैसे आपत्तिजनक शब्दों से पुकारा जा रहा है. इस घटना ने नॉर्थ ईस्ट के लोगों की सुरक्षा और सम्मान को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
वेटिंग हॉल में हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, यह घटना 2 अप्रैल की है जब अरुणाचल प्रदेश से एक डांस ग्रुप पटना में एक कार्यक्रम के लिए पहुंचा था. कार्यक्रम से पहले टीम रेलवे स्टेशन के वेटिंग हॉल में ठहरी हुई थी.
इसी दौरान वहां मौजूद एक अटेंडेंट ने उन्हें सार्वजनिक वॉशरूम इस्तेमाल करने से रोक दिया. इतना ही नहीं, वॉशरूम उपयोग करने के लिए उनसे भारतीय होने का प्रमाण, यानी आईडी कार्ड तक मांगा गया.
Racism incident in Patna! Arunachal dance team faced abuse, asked for ID to use public washroom, called derogatory names.Northeast Indians feel unsafe in own country. pic.twitter.com/6VZDpMgyWm
— From the Hills of Nagaland. (@Nagaland_India) April 3, 2026
"मोमो-चिंकी" कहकर किया गया अपमान
जब युवतियों ने इस व्यवहार का विरोध किया, तो वहां मौजूद एक अन्य महिला ने उन पर नस्लीय टिप्पणियां करनी शुरू कर दीं. वीडियो में वह महिला हंसते हुए बार-बार 'मोमो', 'चिंकी' और 'चीनी' जैसे शब्दों का इस्तेमाल करती नजर आती है.
युवतियां बार-बार कहती सुनाई देती हैं, ''आप भारत में रहकर हमारे साथ ऐसा सलूक कैसे कर सकती हैं? आप जैसे लोग ही देश को बदनाम करते हैं."
इसके बावजूद महिला पर कोई असर नहीं हुआ और वह लगातार उनका मजाक उड़ाती रही. यहां तक कि उसने कहा, "मोमो इस माय फेवरिट डिश."
अपने ही देश में डर लगता है
पीड़ित युवतियों में से एक ने इस पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया. उनका कहना है कि वे देश के अलग-अलग हिस्सों में अपनी कला और संस्कृति का प्रदर्शन करने जाती हैं, लेकिन इस तरह के अनुभव उन्हें असुरक्षित महसूस कराते हैं.
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सिर्फ रूप-रंग और खान-पान के आधार पर किसी भारतीय को अपने ही देश में अलग समझना सही है.
तमाशबीन बने रहे लोग, कार्रवाई की मांग
हैरानी की बात यह रही कि सार्वजनिक स्थान पर इतनी बड़ी घटना के बावजूद वहां मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे और किसी ने भी युवतियों का समर्थन नहीं किया.
घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने बिहार पुलिस और रेल मंत्रालय को टैग कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
आरोपी महिला की पहचान
मामले की जांच करते हुए रेलवे पुलिस ने पटना जंक्शन के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया. जांच में सामने आया कि इस घटना में शामिल महिला की पहचान सोनी कुमारी के रूप में हुई है, जो वार्ड नंबर 25, बड़ी बदलपुर थाना खगौल, जिला पटना की निवासी है.
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई की जाएगी.


