FASTag के नए नियम आज से लागू, समय पर भुगतान नहीं किया तो अब...
नए FASTag नियमों के तहत, ब्लैकलिस्टेड या लो बैलेंस टैग से टोल ट्रांजैक्शन अस्वीकृत होंगे और 15 मिनट से अधिक देरी होने पर अतिरिक्त शुल्क लिया जा सकता है. FASTag रिचार्ज 70 मिनट पहले तक किया जा सकता है और 10 मिनट में रिचार्ज करने पर डबल टोल शुल्क से बचा जा सकता है.

देशभर में टोल भुगतान को आसान और डिजिटल बनाने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे FASTag से जुड़ी नई गाइडलाइंस आज से प्रभावी हो गई हैं. नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) द्वारा 28 जनवरी को जारी किए गए सर्कुलर के अनुसार, अब FASTag भुगतान को एक निर्धारित समय सीमा में सत्यापित किया जाएगा. इसके अलावा, लेनदेन में देरी, ब्लैकलिस्टेड टैग और चार्जबैक से जुड़े नए नियम लागू किए गए हैं.
FASTag रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन (RFID) तकनीक पर आधारित एक इलेक्ट्रॉनिक टोल कलेक्शन सिस्टम है, जो टोल प्लाजा पर बिना नकद भुगतान के स्वचालित रूप से राशि काटता है. वाहन की विंडशील्ड पर चिपकाए गए FASTag को स्कैन कर टोल शुल्क लिया जाता है. इससे वाहन टोल प्लाजा पर बिना रुके आसानी से आगे बढ़ सकते हैं, जिससे समय की बचत होती है.
FASTag के नए नियम और बदलाव
1. ब्लैकलिस्टेड FASTag - ट्रांजैक्शन नहीं होगा
यदि कोई FASTag ब्लैकलिस्ट, हॉटलिस्ट या लो बैलेंस में है और टोल प्लाजा पर पहुंचने से 60 मिनट पहले तक अपडेट नहीं किया गया, तो ट्रांजैक्शन अस्वीकृत कर दिया जाएगा. यदि FASTag स्कैन होने के 10 मिनट बाद तक भी ब्लैकलिस्टेड रहता है, तो भुगतान रद्द कर दिया जाएगा. दोनों स्थितियों में ट्रांजैक्शन असफल होने पर एरर कोड 176 दिखेगा और वाहन को डबल टोल शुल्क देना होगा.
2. रिचार्ज के लिए ग्रेस पीरियड
FASTag को टोल प्लाजा पहुंचने से 70 मिनट पहले तक रिचार्ज किया जा सकता है. अगर ट्रांजैक्शन के 10 मिनट के भीतर FASTag रिचार्ज कर दिया जाता है, तो डबल टोल चार्ज से बचने के लिए रिफंड का अनुरोध किया जा सकता है.
3. भुगतान में देरी होने पर अतिरिक्त शुल्क
यदि टोल ट्रांजैक्शन को 15 मिनट से अधिक समय में प्रोसेस किया जाता है, तो अतिरिक्त शुल्क वसूला जा सकता है.
4. चार्जबैक - कूलिंग पीरियड लागू
बैंक अब ब्लैकलिस्टेड या लो बैलेंस FASTag से गलत कटौती के मामले में 15 दिन के कूलिंग पीरियड के बाद ही चार्जबैक रिक्वेस्ट कर सकते हैं.
FASTag उपयोगकर्ताओं के लिए क्या मायने रखते हैं ये नए नियम?
आखिरी समय पर रिचार्ज नहीं चलेगा - अगर आपका FASTag 60 मिनट पहले से ब्लैकलिस्टेड है, तो आखिरी समय में रिचार्ज करने से भी भुगतान नहीं होगा.
पेनल्टी से बचने का मौका - अगर FASTag स्कैन होने के 10 मिनट के अंदर रिचार्ज कर दिया जाता है, तो उपयोगकर्ता डबल टोल चार्ज से बच सकते हैं.
सख्त निगरानी - FASTag को सक्रिय रखना अनिवार्य होगा, ताकि अतिरिक्त शुल्क, ट्रांजैक्शन अस्वीकृति और टोल प्लाजा पर होने वाली देरी से बचा जा सके.
FASTag से जुड़ी समस्याओं से कैसे बचें?
अपने FASTag वॉलेट में हमेशा पर्याप्त बैलेंस बनाए रखें. FASTag की स्थिति नियमित रूप से जांचते रहें ताकि ब्लैकलिस्टेड ना हो. भुगतान में देरी होने पर ट्रांजैक्शन डिटेल्स की निगरानी करें. FASTag को सक्रिय रखें, ताकि टोल प्लाजा पर कोई परेशानी ना हो.


