राज ठाकरे की 'डुबो-डुबो के मारेंगे' पर निशिकांत दुबे ने ली जोरदार चुटकी, कहा- मैंने हिंदी सिखा दी
महाराष्ट्र में हिंदी भाषियों को लेकर मचे सियासी घमासान में अब मनसे प्रमुख राज ठाकरे और बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे आमने-सामने हैं. एक ओर दुबे ने 'पटक-पटकर मारेंगे' जैसी तीखी टिप्पणी की, तो वहीं राज ठाकरे ने जवाब में 'डुबो-डुबोकर मारने' की चेतावनी दी. अब दुबे ने ठाकरे के हिंदी में दिए बयान पर तंज कसते हुए कहा- "मैंने राज ठाकरे को हिंदी सिखा दी?"

Raj Thackeray vs Nishikant Dubey: महाराष्ट्र में हिंदी भाषी समुदाय को निशाना बनाए जाने के विवाद ने अब तूल पकड़ लिया है. इस मुद्दे को लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे और भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के बीच तीखी बहस छिड़ गई है. दोनों नेताओं ने एक-दूसरे पर जमकर वार-पलटवार कर रहे हैं.
जहां निशिकांत दुबे ने 'पटक-पटकर मारेंगे' जैसी टिप्पणी की, वहीं राज ठाकरे ने भी जवाबी हमला करते हुए कहा कि 'मुंबई के समुद्र में डुबो-डुबोकर मारेंगे.' ताजा बयानबाजी में निशिकांत दुबे ने राज ठाकरे के हिंदी में दिए गए बयान पर चुटकी लेते हुए कहा है- "मैंने राज ठाकरे को हिंदी सिखा दी?" उनका यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और इससे विवाद और भी गहराता जा रहा है.
मैंने राज ठाकरे को हिंदी सिखा दी ? https://t.co/5YpM1SrzDt
— Dr Nishikant Dubey (@nishikant_dubey) July 18, 2025
मराठी न बोलने पर दुकानदार की पिटाई से शुरू हुआ विवाद
हाल ही में महाराष्ट्र में एक दुकानदार को केवल इसलिए पीटा गया क्योंकि वह मराठी में बात नहीं कर रहा था. इस घटना के बाद राज्य में हिंदी भाषियों के साथ हो रहे व्यवहार को लेकर नाराज़गी फैली. इस मुद्दे पर बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने मनसे प्रमुख राज ठाकरे और उनके चचेरे भाई उद्धव ठाकरे को निशाने पर लेते हुए कहा, "पटक पटक के मारेंगे."
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा, "हिंदी भाषी लोगों को मुंबई में मारने वाले यदि हिम्मत है तो महाराष्ट्र में उर्दू भाषियों को मार कर दिखाओ, तमिल और तेलगू वाले को मारकर दिखाओ. यदि बहुत बड़े बॉस हो तो चलो बिहार, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, तुमको पटक-पटकर मारेंगे."
राज ठाकरे का पलटवार: "मुंबई आओ, डुबो-डुबोकर मारेंगे"
बीजेपी सांसद की टिप्पणी के जवाब में मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने शुक्रवार रात एक जनसभा में दुबे को खुली चुनौती दी. ठाकरे ने कहा, "एक भाजपा सांसद ने कहा कि मराठी लोगों को हम यहां पर पटक-पटकर मारेंगे. दुबे तुम मुंबई आ जाओ. मुंबई के समुद्र में डुबो-डुबो के मारेंगे." गौर करने वाली बात यह रही कि राज ठाकरे ने यह बयान हिंदी में दिया, जिससे उनके विरोधी निशिकांत दुबे को फिर से तंज कसने का मौका मिल गया.
दुबे का करारा तंज
राज ठाकरे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही निशिकांत दुबे ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर उसे शेयर किया और तंज कसा, "मैंने राज ठाकरे को हिंदी सिखा दी?"


