PM Modi 75th Birthday: पीएम मोदी के 75वें जन्मदिन पर महिलाओं को मिला खास तोहफा, बच्चों को भी मिलेगा लाभ
पीएम मोदी के जन्मदिन पर देश की महिलाओं और बच्चों के लिए एक शानदार तोहफा है. 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक "स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार" अभियान की शुरुआत होने जा रही है. इस खास पहल के तहत पूरे देश में 1 लाख से ज्यादा स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे जो हर परिवार को सेहत और सशक्तिकरण का अनमोल उपहार देंगे.

PM Modi 75th Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर आज देशभर की महिलाओं के लिए एक ऐतिहासिक और कल्याणकारी योजना की शुरुआत की गई है. 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाला यह अभियान "स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार" नाम से पूरे देश में एक नई उम्मीद लेकर आया है. इस महाअभियान के तहत एक लाख से अधिक स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे, जिनका उद्देश्य महिलाओं, किशोरियों और बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है. यह पहल प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन को ‘सेवा पखवाड़ा’ के रूप में मनाने की नीति का हिस्सा है जो न सिर्फ जनसेवा को प्राथमिकता देती है बल्कि समाज के सबसे अहम स्तंभ महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान केंद्रित करती है.
क्या है ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान?
"स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार" अभियान का उद्देश्य है देश की महिलाओं, किशोरियों और बच्चों को समग्र स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना. यह देशभर में महिला और बाल स्वास्थ्य के क्षेत्र में अब तक की सबसे बड़ी पहल मानी जा रही है. स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय और महिला एवं बाल विकास मंत्रालय इस कार्यक्रम को संयुक्त रूप से लागू कर रहे हैं.
देशभर में लगेंगे 1 लाख से ज्यादा स्वास्थ्य शिविर
इस अभियान के तहत पूरे भारत में 1 लाख से अधिक स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे. यह शिविर सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में रोजाना आयोजित होंगे. इनमें महिलाओं के लिए स्त्री रोग विशेषज्ञ (गायनेकॉलजिस्ट), बच्चों के लिए बाल रोग विशेषज्ञ (चाइल्ड स्पेशलिस्ट) और दंत चिकित्सक (डेंटिस्ट) भी मौजूद रहेंगे.
महिलाओं और किशोरियों के लिए विशेष सेवाएं
किशोरियों में एनीमिया की जांच और इलाज, शिविरों में किशोरियों की हीमोग्लोबिन की जांच की जाएगी और जरूरत अनुसार आयरन सप्लीमेंट भी दिए जाएंगे. मानसिक समस्याओं की स्क्रीनिंग और परामर्श सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी. जिन बच्चों का टीकाकरण अधूरा रह गया है, उन्हें इन शिविरों में आवश्यक टीके दिए जाएंगे.
PM मोदी की प्रेरणादायक जीवन यात्रा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्म 17 सितंबर 1950 को गुजरात के मेहसाणा जिले के वडनगर कस्बे में हुआ था. एक साधारण परिवार से निकलकर उन्होंने न केवल गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में लंबा कार्यकाल संभाला, बल्कि 26 मई 2014 को भारत के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेकर देश का नेतृत्व संभाला. आज जब वह अपना 75वां जन्मदिन मना रहे हैं तो उनके विजन और नेतृत्व की झलक उनके द्वारा शुरू की गई इस योजना में साफ दिखाई देती है, जो ‘नारी सशक्तिकरण’ को केवल नारा नहीं, बल्कि एक राष्ट्रीय अभियान का रूप देती है.
"स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार" केवल एक स्वास्थ्य योजना नहीं है बल्कि एक सामाजिक आंदोलन है जो महिलाओं की सेहत को परिवार और राष्ट्र की उन्नति से जोड़ता है. पीएम मोदी के जन्मदिन के मौके पर इस तरह की पहल यह दर्शाती है कि उनके लिए सेवा और सुशासन केवल भाषण का हिस्सा नहीं बल्कि कार्य की प्राथमिकता है.


