कश्मीर को मिला नया 'जन्नत का रास्ता', PM मोदी ने दुनिया के सबसे ऊंचे चिनाब ब्रिज का किया उद्घाटन

पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह पहला कश्मीर दौरा है, जिसे रणनीतिक और विकासात्मक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है. इस दौरे पर पीएम मोदी ने दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे पुल चिनाब ब्रिज का उद्घाटन किया, जो कश्मीर को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने में बड़ी भूमिका निभाएगा.

Deeksha Parmar
Edited By: Deeksha Parmar

पहलगाम हमले और पाकिस्तान पर जवाबी कार्रवाई के बाद पीएम मोदी का यह पहला कश्मीर दौरा है, जिसे रणनीतिक, विकास और सुरक्षा के लिहाज से ऐतिहासिक माना जा रहा है। इस दौरे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चिनाब ब्रिज सहित कई बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन कर कश्मीर की तकदीर और तस्वीर बदलने जा रहे हैं.

कश्मीर की वादियों को ‘धरती का स्वर्ग’ कहा जाता है, लेकिन दशकों से यह स्वर्ग विकास की रफ्तार से पीछे छूटता जा रहा था। अब पीएम मोदी की अगुवाई में कश्मीर को ‘जन्नत का नया रास्ता’ मिला है। दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे पुल चिनाब ब्रिज का उद्घाटन कर पीएम मोदी न केवल इंजीनियरिंग का अद्भुत नमूना देश को समर्पित करेंगे, बल्कि कश्मीर को विकास और राष्ट्रशक्ति की नई धारा से जोड़ेंगे.

पहलगाम आतंकी हमले के बाद मोदी का बड़ा कदम

यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के ज़रिए पाकिस्तान को करारा जवाब दिया गया है। आतंकियों को खत्म करने और पाकिस्तान को चेतावनी देने के बाद पीएम मोदी का कश्मीर दौरा कई प्रतीकों से भरा हुआ है। वह यहां करीब 46,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात देंगे और साथ ही राष्ट्रवाद का सियासी संदेश भी देंगे.

देश को समर्पित होगा ‘चिनाब ब्रिज’

पीएम मोदी जिस चिनाब ब्रिज का उद्घाटन करेंगे, वह दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे आर्च ब्रिज है। इसकी ऊंचाई 359 मीटर है, जो एफिल टॉवर से भी ज्यादा है। यह ब्रिज चिनाब नदी के ऊपर दो पहाड़ों के बीच बना है और इसे 260 किमी/घंटा की तेज हवा और भूकंप को सहन करने लायक बनाया गया है। 2002 में शुरू हुए इस प्रोजेक्ट को पूरा होने में 20 साल लगे हैं। कुल 1,315 मीटर लंबे इस स्टील आर्च ब्रिज ने इंजीनियरिंग के क्षेत्र में भारत को दुनिया में गौरव दिलाया है.

वंदे भारत से जुड़ेगा श्रीनगर

पीएम मोदी इस दौरे पर दो वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे जो श्री माता वैष्णो देवी, कटरा से श्रीनगर तक चलेंगी। चिनाब ब्रिज के शुरू होने से कटरा से श्रीनगर की दूरी सिर्फ 3 घंटे में पूरी की जा सकेगी, जो पहले 5-6 घंटे लगते थे। इससे न केवल आम नागरिकों का सफर आसान होगा बल्कि टूरिज्म और ट्रेड को भी नई ऊंचाई मिलेगी.

अंजी ब्रिज और यूएसबीआरएल से बढ़ेगा कनेक्टिविटी नेटवर्क

इस दौरे में पीएम मोदी भारत के पहले केबल-स्टे रेल ब्रिज – अंजी ब्रिज और उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक (USBRL) परियोजना का भी उद्घाटन करेंगे। इस परियोजना में कुल 36 सुरंगें और 943 छोटे-बड़े पुल बनाए गए हैं। भौगोलिक रूप से बेहद कठिन इलाकों में यह परियोजना पूरी कर भारतीय रेलवे ने असाधारण कीर्तिमान रच दिया है.

सेना को मिलेगी हर मौसम में पहुंच

पहले कश्मीर बर्फबारी के दौरान देश से कट जाता था, जिससे सेना को आपातकालीन हालात में मुश्किलें आती थीं। अब चिनाब ब्रिज के जरिए सेना की हर मौसम में मूवमेंट संभव हो सकेगी। इससे LoC से लेकर LAC तक भारत की सैन्य ताकत को मजबूती मिलेगी। यह पुल लद्दाख जैसे संवेदनशील इलाकों तक भी आसान पहुंच सुनिश्चित करेगा.

चीन और पाकिस्तान की निगाहें

नवंबर 2024 में खबर आई थी कि चीन चिनाब ब्रिज की जासूसी करवा रहा है और इसमें पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI की भी भूमिका है। लेकिन भारत ने दुनिया के सामने अपनी इंजीनियरिंग और सुरक्षा ताकत दोनों का लोहा मनवाया है.

पीएम मोदी देंगे राष्ट्रशक्ति का संदेश

पीएम मोदी कटरा के स्पोर्ट्स स्टेडियम में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे, जहां वह ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और देश की सैन्य पराक्रम की गाथा दोहराएंगे। इस रैली के जरिए वे कश्मीर से पूरे देश और पड़ोसी देशों को यह स्पष्ट संदेश देंगे कि भारत अब आतंकवाद और अलगाववाद पर कोई समझौता नहीं करेगा.

पीएम मोदी का यह कश्मीर दौरा सिर्फ पुलों और ट्रेनों का उद्घाटन नहीं है, यह विकास, सुरक्षा और विश्वास का वो संदेश है जो घाटी को असल मायनों में भारत की मुख्यधारा से जोड़ने वाला है। ‘धरती का स्वर्ग’ अब न सिर्फ सुंदर होगा, बल्कि सशक्त और समृद्ध भी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag