हैप्पी फोर्जिंग्स लिमिटेड पंजाब में 1000 करोड़ रुपए का करेगा निवेश, युवाओं के उज्जवल भविष्य की दिशा में बड़ा कदम
संजीव अरोड़ा ने बताया कि पंजाब हिंदुस्तान फार्मास्युटिकल्स लिमिटेड (एचएफएल) के निर्माण कार्यों का प्रमुख गढ़ बन चुका है. 30 जून 2025 तक, 1,500 करोड़ रुपये के भारी-भरकम पूंजी निवेश के साथ, इसने करीब 4,000 लोगों को सीधे रोजगार के सुनहरे अवसर प्रदान किए हैं, जिससे न केवल आर्थिक विकास को बल मिला है बल्कि हजारों परिवारों की जिंदगी में भी नई उम्मीदें जगी हैं.

Punjab Industrial Development: पंजाब में औद्योगिक विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है. मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में कारोबार को सुगम बनाने की दिशा में राज्य सरकार की पहल के तहत हैपी फोर्जिंग्स लिमिटेड (एचएफएल) ने लुधियाना में 1000 करोड़ रुपए का निवेश करने की घोषणा की है. यह निवेश न केवल प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देगा बल्कि रोजगार के व्यापक अवसर भी सृजित करेगा.
कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा ने इस महत्वपूर्ण निवेश की जानकारी देते हुए कहा कि एचएफएल ऑटोमोबाइल और इंजीनियरिंग क्षेत्र में अग्रणी कंपनी है जो घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों के लिए उच्च गुणवत्ता वाले फोर्जिंग और मशीनिंग उत्पाद बनाती है.
हैपी फोर्जिंग्स लिमिटेड कंपनी
दिसंबर 2023 में स्टॉक एक्सचेंज में सूचीबद्ध होने के बाद एचएफएल वित्तीय वर्ष 2024-25 में लगभग 10,000 करोड़ रुपए के मार्केट कैपिटलाइजेशन और 1,409 करोड़ रुपए के राजस्व के साथ पंजाब की सबसे बड़ी सूचीबद्ध कंपनियों में से एक बन चुकी है.
4000 से अधिक लोगों को मिला सीधा रोजगार
कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा ने बताया कि पंजाब एचएफएल का निर्माण कार्यों का प्रमुख केंद्र है, जिसने 30 जून 2025 तक 1,500 करोड़ रुपए के पूंजी निवेश से करीब 4000 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार प्रदान किया है.
एचएफएल भारत और विदेशों में कई प्रमुख OEM कंपनियों के लिए वाणिज्यिक वाहन, कृषि उपकरण, ऑफ-हाईवे तथा औद्योगिक क्षेत्रों में महत्वपूर्ण उत्पादों की आपूर्ति करती है. प्रमुख ग्राहकों में शामिल हैं:-
-
वाणिज्यिक वाहन: अशोक लेलैंड, आयशर, मेरिटर, महिंद्रा
-
कृषि उपकरण: टैफे, एस्कॉर्ट्स, स्वराज, सोनालीका, जॉन डियर
-
ऑफ-हाईवे: जेसीबी, विप्रो, डाना, हेंड्रिकसन
-
औद्योगिक क्षेत्र: कमिंस, जेनेरैक, बोनफिग्लिओली, टोयोटा त्सुशो, कोहलर, लिब्हर
भविष्य की योजना और नए रोजगार के अवसर
एचएफएल के मैनेजिंग डायरेक्टर आशीष गर्ग ने बताया कि कंपनी चरणबद्ध तरीके से 1000 करोड़ रुपए से अधिक का निवेश कर रही है, जिससे 300 से अधिक इंजीनियर पदों सहित 2000 से अधिक रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे. इस निवेश से सहायक इकाइयों का विकास भी होगा और स्थानीय स्टील खपत बढ़ेगी जो आर्थिक गतिविधियों को और सुदृढ़ करेगा.
पंजाब की नई औद्योगिक नीति को लेकर उम्मीदें
आशीष गर्ग ने कहा कि पंजाब सरकार की नई औद्योगिक नीति और सेक्टोरल समितियों की पहल उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप है. प्रस्तावित निवेश एशिया की सबसे आधुनिक फोर्जिंग सुविधाओं में से एक होगा, जो 1000 से 3000 किलोग्राम भार वाले टुकड़े का उत्पादन करने में सक्षम होगा. यह एशिया में पहला और विश्व में दूसरा सबसे बड़ा होगा.
उन्होंने यह भी बताया कि यह निवेश कंपनी को एयरोस्पेस, रक्षा और परमाणु जैसे गैर-ऑटोमोटिव औद्योगिक क्षेत्रों में भी अपनी पकड़ मजबूत करने में मदद करेगा.
तकनीकी मुद्दों के बावजूद जारी रहेगा विस्तार
आशीष गर्ग ने कहा कि नई GST पंजीकरण से जुड़े तकनीकी जटिलताओं के कारण कंपनी मौजूदा पंजीकरण के तहत ही अपने प्लांट का विस्तार करेगी. उन्होंने यह भी कहा कि कंपनी पंजाब सरकार के साथ दीर्घकालिक और सफल साझेदारी की उम्मीद करती है.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद प्रमुख अधिकारी
इस महत्वपूर्ण घोषणा के अवसर पर अमित ढाका (सीईओ, इन्वेस्ट पंजाब), सीमा बांसल (वाइस चेयरपर्सन, पंजाब विकास परिषद), वैभव महेश्वरी (सदस्य, पंजाब विकास परिषद) और मेघा गर्ग (डायरेक्टर, एचएफएल) उपस्थित थे.


