इमरान खान पर निशाना, शहबाज सरकार के लिए हेरफेर... लीक रिपोर्ट ने खोली पाकिस्तानी चुनाव में धांधली की पोल!
पाकिस्तान के 2024 के आम चुनाव को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है. लीक हुए कॉमनवेल्थ रिपोर्ट के अनुसार, आम चुनाव में व्यापक धांधली हुई, लेकिन कॉमनवेल्थ ऑब्ज़र्वर्स ग्रुप ने अपनी रिपोर्ट दबा दी. इस रिपोर्ट में साफ तौर पर चुनाव में हेरफेर और नतीजों को सरकार के पक्ष में झुकाने की जानकारी थी.

Pakistan Election Rigging: पाकिस्तान के आम चुनाव 2024 को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है. लीक हुए कॉमनवेल्थ रिपोर्ट के अनुसार, आम चुनाव में व्यापक धांधली हुई, लेकिन कॉमनवेल्थ ऑब्ज़र्वर्स ग्रुप ने अपनी रिपोर्ट दबा दी. कॉमनवेल्थ ऑब्ज़र्वर्स ग्रुप पर आरोप लगा है कि उसने जानबूझकर अपनी रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की. आरोप है कि पाकिस्तानी सेना समर्थित शहबाज शरीफ सरकार के दबाव में इसे दबा दिया गया था.
ब्रिटेन स्थित द टेलीग्राफ और स्वतंत्र जांच पोर्टल ड्रॉप साइट न्यूज़ के हवाले से सामने आई इस रिपोर्ट में साफ कहा गया है कि पाकिस्तान में फरवरी 2024 में हुए आम चुनाव निष्पक्ष नहीं थे. रिपोर्ट के मुताबिक, धांधली और हेरफेर ने मौजूदा सरकार के पक्ष में चुनावी नतीजों को झुका दिया.
70 साल में पहली बार कॉमनवेल्थ ने दबाई रिपोर्ट
कॉमनवेल्थ संगठन ने अपने 70 साल के इतिहास में पहली बार किसी चुनाव की रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की. इसके बजाय पाकिस्तान के चुनाव को निष्पक्ष और लोकतांत्रिक बताते हुए बयान जारी किया गया. लीक दस्तावेज में कहा गया कि चुनाव के दौरान मौलिक राजनीतिक अधिकारों का उल्लंघन हुआ, जिसमें सभा, अभिव्यक्ति और संगठन की स्वतंत्रता शामिल है.
इमरान खान की पार्टी को बनाया गया निशाना
रिपोर्ट के मुताबिक, सेना समर्थित शासन ने पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के चुनाव प्रचार पर कड़ी पाबंदियां लगाईं. उम्मीदवारों को स्वतंत्र प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ने के लिए मजबूर किया गया और चुनावी चिन्ह भी प्रतिबंधित कर दिए गए. कई मतदान केंद्रों के फॉर्म और मतगणना नतीजों में भी अंतर पाया गया, जिससे कुछ उम्मीदवारों को अवैध तरीके से विजेता घोषित किया गया.
सरकार के दबाव में दबाई गई रिपोर्ट
रिपोर्ट पहले कॉमनवेल्थ महासचिव पेट्रीशिया स्कॉटलैंड को सौंपी गई थी. इसके बाद पाकिस्तानी सरकार ने इसे दबाने की मांग की और कॉमनवेल्थ ने कथित तौर पर उस दबाव को मान लिया. जबकि नियमों के अनुसार, चुनाव रिपोर्ट मतदान के कुछ दिनों बाद प्रकाशित होनी चाहिए थी.
PTI ने कॉमनवेल्थ और EU पर लगाया बड़ा आरोप
पीटीआई ने कॉमनवेल्थ पर चुनावी धांधली छुपाने का आरोप लगाते हुए इसे शर्मनाक बताया. पूर्व क्रिकेटर खान की पीटीआई ने एक्स पर लिखा, "राष्ट्रमंडल और यूरोपीय संघ ने, पाकिस्तानी लोकतंत्र के विदेशी अवलोकन के इतिहास में पहली बार पाकिस्तान के सत्तावादी सैन्य शासन द्वारा 2024 के चुनावों में बड़े पैमाने पर धांधली पर अपनी रिपोर्टों को दबा दिया. "
पीटीआई के प्रवक्ता सैयद जुल्फिकार बुखारी ने कहा, "सच कहूं तो राष्ट्रमंडल ने खुद को शर्मिंदा किया है. एक रिपोर्ट जो चुनाव के कुछ दिनों बाद जारी की जानी चाहिए थी, उसे अभी भी दबाया जा रहा है. " उन्होंने कहा, "सीओजी की हाल ही में सामने आई रिपोर्ट में गंभीर चिंताएं हैं, जिन्हें अनुचित तरीके से सार्वजनिक डोमेन से रोका गया है. "
उन्होंने पूछा, "हम जानना चाहते हैं कि किस अधिकार के तहत इस रिपोर्ट को दबाया गया और कितने समय तक? इसे दबाने के लिए कौन से व्यक्ति या संस्थाएं जिम्मेदार हैं? इस कार्रवाई को छिपाने के लिए क्या कानूनी या प्रक्रियात्मक औचित्य दिया गया था, अगर कोई था? पाकिस्तान के मामले में COG और EU आयोग पारदर्शिता और निष्पक्षता के अपने घोषित मानकों से क्यों भटक गए?"
बुखारी ने कहा कि वह रिपोर्ट और उसे दबाने वाली निर्णय लेने की प्रक्रियाओं, दोनों का खुलासा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कार्यवाही शुरू करने के लिए कानूनी सलाहकारों से परामर्श करेंगे.
कॉमनवेल्थ ऑब्जर्वर ग्रुप की सफाई
कॉमनवेल्थ ऑब्जर्वर ग्रुप (COG) ने बयान जारी कर कहा कि उन्हें ऑनलाइन रिपोर्ट के प्रसार की जानकारी है, लेकिन वे लीक दस्तावेजों पर टिप्पणी नहीं करेंगे.
सीओजी ने कहा, "सरकार और पाकिस्तान चुनाव आयोग को रिपोर्ट पहले ही मिल चुकी है. जैसा कि हमने पहले बताया था, पूरी रिपोर्ट इस महीने के अंत में जारी की जाएगी, साथ ही सीओजी की कई रिपोर्टें भी प्रकाशित की जाएंगी. " मिशन ने इस बात पर जोर दिया कि उसका कार्य किसी भी हस्तक्षेप से मुक्त होकर किया जाता है.
10 फरवरी, 2024 को अपने प्रारंभिक निष्कर्ष जारी करते समय, COG ने कहा कि इसकी अंतिम सिफारिशें पहले राष्ट्रमंडल महासचिव को सौंपी जाएंगी, फिर इस्लामाबाद के साथ साझा की जाएंगी और उसके बाद सार्वजनिक की जाएंगी.


