दोनों बहनों की डोली उठने से कुछ घंटे पहले उठी अर्थी, मामा ने परिवार पर लगाए गंभीर आरोप

राजस्थान के जोधपुर में शादी से कुछ घंटे पहले दो सगी बहनों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. जहरीला पदार्थ सेवन की आशंका जताई जा रही है. रिश्तेदारों ने पारिवारिक दबाव का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस जांच में जुटी है.

Shraddha Mishra

जोधपुर: राजस्थान के जोधपुर से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है. जिस घर में शनिवार को दो बेटियों की शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां कुछ ही घंटों पहले ऐसा हादसा हुआ जिसने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया. शादी के मंडप सजने से पहले ही दो सगी बहनों की मौत की खबर ने माहौल को मातम में बदल दिया.

मृतक बहनों की पहचान शोभा (25) और विमला (23) के रूप में हुई है. दोनों दीप सिंह की बेटियां थीं और एक निजी स्कूल में शिक्षिका के तौर पर काम करती थीं. परिवार के अनुसार, शनिवार तड़के अचानक दोनों की तबीयत बिगड़ गई. घबराए परिजन उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

अंतिम संस्कार से पहले पहुंची पुलिस

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आशंका जताई जा रही है कि दोनों ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया हो सकता है. हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा. एक अधिकारी ने बताया कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी.

परिवार शोक में डूबा हुआ था और अंतिम संस्कार की तैयारी भी शुरू कर दी गई थी. इसी बीच पुलिस को घटना की सूचना मिली. अधिकारी मौके पर पहुंचे और दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए.

रिश्तेदार ने लगाया साजिश का आरोप

घटना ने उस समय नया मोड़ लिया जब बहनों के मामा जसवंत सिंह ने गंभीर आरोप लगाए. उनका कहना है कि यह महज आत्महत्या का मामला नहीं है, बल्कि इसके पीछे दबाव और साजिश हो सकती है. उन्होंने दावा किया कि दीप सिंह के भाइयों ने परिवार पर बहनों के लिए ऐसे रिश्ते तय करने का दबाव बनाया था, जो पहले सफल नहीं हो पाए थे.

जसवंत सिंह का आरोप है कि खासतौर पर छोटे भाई द्वारा डाले गए दबाव के कारण बहनों ने यह कदम उठाया. हालांकि पुलिस ने साफ किया है कि इन आरोपों की गहराई से जांच की जा रही है और अभी किसी को दोषी ठहराना उचित नहीं होगा.

मामाले की जांच जारी

पुलिस ने अस्वाभाविक मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया है. सभी पहलुओं से जांच की जा रही है, जिसमें पारिवारिक विवाद और संभावित दबाव भी शामिल हैं. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आ पाएगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag