व्यापार तनाव के बीच जयशंकर-रुबियो की बातचीत अहम, भारत-अमेरिका रिश्तों में सुधार की उम्मीद
भारत और अमेरिका के बीच व्यापार तनाव के माहौल में विदेश मंत्री एस. जयशंकर और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने बातचीत की. व्यापार, रक्षा, ऊर्जा और परमाणु सहयोग पर चर्चा कर संपर्क बनाए रखने पर सहमति बनी.
नई दिल्ली: भारत और अमेरिका के बीच व्यापार को लेकर चल रही खटास के बीच विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने मंगलवार को फोन पर बातचीत की. इसे दोनों देशों के रिश्तों में आई तल्खी को कम करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है. बातचीत में व्यापार, रक्षा, ऊर्जा, सुरक्षा, परमाणु सहयोग और महत्वपूर्ण खनिजों जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई. जयशंकर ने सोशल मीडिया पर बताया कि इन विषयों पर आगे भी संपर्क बनाए रखने पर सहमति बनी है. वहीं अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा कि दोनों पक्ष द्विपक्षीय व्यापार वार्ता को आगे बढ़ाने, आर्थिक सहयोग मजबूत करने और नागरिक परमाणु सहयोग के जरिए ऊर्जा सुरक्षा बढ़ाने में रुचि रखते हैं. साथ ही महत्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति श्रृंखला और साझा ऊर्जा लक्ष्यों पर भी विचार किया गया.


