Holi 2026: 3 दिन की छुट्टी, समय से पहले वेतन और पेंशन, योगी सरकार ने किया बड़ा ऐलान
सीएम योगी आदित्यनाथ ने होली के मौके पर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की है. उन्होंने तीन दिन की आधिकारिक छुट्टी के साथ साथ वेतन पेंशन को लेकर भी कई आदेश दिए हैं.

उत्तर प्रदेश: यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होली के त्योहार पर राज्य के कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया है. सरकार ने होली के लिए तीन दिन की आधिकारिक छुट्टी घोषित की है. साथ ही वेतन और पेंशन को लेकर भी एक बड़ा ऐलान किया है.
दरअसल सीएम योगी ने होली के अवसर पर 2 मार्च से लेकर 4 मार्च तक सरकारी छुट्टी का ऐलान किया है.1 मार्च रविवार होने से कर्मचारियों को लगातार चार दिन का लंबा अवकाश मिलेगा, जिससे वे परिवार के साथ त्योहार मना सकेंगे.
होली से पहले वेतन-पेंशन में कोई देरी नहीं
सीएम योगी ने त्योहार से पहले सभी कर्मचारियों की सुविधा के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं. उन्होंने आदेश दिया है कि फरवरी महीने का वेतन और पेंशन होली शुरू होने से पहले ही सभी के बैंक खातों में पहुंच जाए. यह फैसला करीब 17-18 लाख सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए राहत भरा है.
निर्देश में साफ कहा गया है कि नियमित कर्मचारियों के अलावा संविदा पर काम करने वाले, आउटसोर्सिंग स्टाफ और सफाईकर्मी भी इस लाभ से वंचित नहीं रहेंगे. वेतन भुगतान में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो सकती है.
28 फरवरी को सरकारी दफ्तर खुले रहेंगे
काम और छुट्टी के बीच संतुलन बनाने के लिए सरकार ने खास इंतजाम किया है. शनिवार 28 फरवरी 2026 को पूरे प्रदेश में कार्यदिवस घोषित किया गया है. इस दिन सभी सरकारी कार्यालय, स्कूल और अन्य संस्थान सामान्य रूप से काम करेंगे.
इसके बदले कर्मचारियों को 3 मार्च 2026 को अतिरिक्त छुट्टी मिलेगी. इस व्यवस्था से होली की तीन दिन की छुट्टी बनी रहेगी, लेकिन कुल मिलाकर रविवार से बुधवार तक चार दिन का ब्रेक मिल जाएगा.
यह घोषणा कर्मचारियों के बीच खुशी का माहौल बना रही है. योगी सरकार ने त्योहारों पर हमेशा कर्मियों की भलाई को प्राथमिकता दी है. अब लोग बिना किसी चिंता के रंगों की होली खेल सकेंगे और खुशियां मनाएंगे.


