पुलिस पर हमला, कारें जली, सड़कें लाल…नोएडा सेक्टर 80 में कर्मचारियों का प्रदर्शन फिर शुरू, नौकरानियां भी सड़कों पर उतरी
नोएडा में कर्मचारियों द्वारा सोमवार को शुरू हुआ प्रदर्शन रुकने का नाम नहीं ले रहा है. आज मंगलवार को भी मजदूरों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया है. नोएडा के सेक्टर 80 में कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पत्थर फेंके, जिससे हालात बिगड़ गए हैं.

नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा में सोमवार को शुरू हुए कर्मचारियों के प्रदर्शन ने मंगलवार को भी तनावपूर्ण माहौल बनाए रखा है. वेतन बढ़ोतरी और बेहतर सुविधाओं की मांग को लेकर हजारों मजदूर सड़कों पर उतर आए. शुरू में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन बाद में हिंसक रूप ले लिया, जिसमें पत्थरबाजी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई.
सेक्टर 80 में पुलिस पर हमला
नोएडा के सेक्टर 80 में मंगलवार को मजदूरों ने फिर से प्रदर्शन किया. कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पत्थर फेंके, जिससे हालात बिगड़ गए. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए भीड़ को खदेड़ा और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की. इस दौरान कई पुलिसकर्मी घायल भी हुए. सेक्टर 70 और 121 में भी तनाव बना रहा, जहां पत्थरबाजी की अलग-अलग घटनाएं रिपोर्ट हुई.
फेज-2 और सेक्टर 63 में आगजनी
नोएडा के फेज-2 इलाके में प्रदर्शन अभी भी जारी है. यहां एक कंपनी के कर्मचारियों ने कंपनी गेट के बाहर धरना दिया. मुख्य मांगें वेतन वृद्धि, ओवरटाइम भुगतान और काम के घंटों में सुधार है. सेक्टर 63 में आगजनी के निशान अभी भी दिख रहे हैं.
सड़क किनारे कई कारें जली हुई है और फैक्टरियों के शीशे टूटे पड़े है. प्रदर्शनकारियों ने सड़कें जाम कर दी, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ.
नौकरानियों भी प्रदर्शन में शामिल हुई
मंगलवार को क्लियो काउंटी (सेक्टर 121) में हाउसिंग सोसाइटियों की नौकरानियां भी प्रदर्शन में शामिल हुई. उन्होंने महंगाई के मुताबिक वेतन बढ़ाने, छुट्टियां देने और काम के बोझ को कम करने की मांग रखी. प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक मांगे पूरी नहीं होती, वे काम पर नहीं लौटेंगे.
पुलिस की तैयारियां और कार्रवाई
पुलिस ने शांति बनाए रखने के लिए भारी बल तैनात किया है. अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया और मामले को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने की कोशिश की. स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने आंसू गैस का इस्तेमाल भी किया.
पुलिस का कहना है कि शुरुआती प्रदर्शन के बाद कुछ बाहरी तत्वों ने हिंसा भड़काई. अब तक इस मामले में कई एफआईआर दर्ज की गई हैं और सैकड़ों लोगों को हिरासत में लिया गया है.
350 से ज्यादा लोग गिरफ्तार
पुलिस ने आगजनी और तोड़फोड़ के आरोप में करीब 350 लोगों को गिरफ्तार किया है. इनमें से कई को जेल भेज दिया गया है, जबकि 100 से ज्यादा लोगों से पूछताछ चल रही है. सीसीटीवी फुटेज की जांच से और लोगों की पहचान की जा रही है. फिलहाल नोएडा में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है.


