पटना में डबल मर्डर से हड़कंप: बिहटा में छात्रा की हत्या, बेऊर में युवक की पिटाई से मौत

पटना के बिहटा में इंजीनियरिंग छात्रा की संदिग्ध हालात में हत्या और बेऊर में युवक की पीट-पीटकर मौत ने शहर में सनसनी फैला दी है. दोनों घटनाओं के बाद पुलिस जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश जारी है.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

पटना: बिहार की राजधानी पटना से सटे बिहटा इलाके में एक इंजीनियरिंग छात्रा की संदिग्ध हालात में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है. छात्रा का शव उसके कमरे में बेड पर मिला, जिसके बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है. घटना ने स्थानीय लोगों और परिजनों को स्तब्ध कर दिया है.

इसी बीच पटना के बेऊर थाना क्षेत्र से भी एक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मामूली विवाद में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. दोनों घटनाओं ने शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.

बिहटा में इंजीनियरिंग छात्रा की हत्या

बिहटा के राघोपुर स्थित मौआर कॉलोनी में इंजीनियरिंग की छात्रा अनुपमा कुमारी (18) की गला दबाकर हत्या कर दी गई. उसका शव कमरे में बेड पर पड़ा मिला. यह घटना सोमवार दोपहर की बताई जा रही है.

अनुपमा औरंगाबाद जिले के खुदवा थाना क्षेत्र के मालवा डिहुरी गांव की रहने वाली थी और पिछले तीन वर्षों से किराये के मकान में रहकर एक निजी संस्थान से इंजीनियरिंग डिप्लोमा कर रही थी.

कमरे में मिला शव, शरीर पर चोट के निशान

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और छात्रा के कमरे को सील कर दिया. जांच में सामने आया कि छात्रा के गले, हाथ और पैर पर चोट के निशान मौजूद थे, जिससे हत्या की आशंका और गहरी हो गई है. फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है.

फोन नहीं उठाने पर हुआ खुलासा

पुलिस के अनुसार, छात्रा के कॉलेज में वार्षिक समारोह चल रहा था. रविवार सुबह से अनुपमा का फोन नहीं लग रहा था, जिसके बाद परिजनों ने मकान मालिक और रिश्तेदारों को इसकी जानकारी दी.

जब मकान मालिक और रिश्तेदार कमरे पर पहुंचे तो दरवाजा बाहर से बंद मिला. दरवाजा खोलने पर अंदर बेड पर छात्रा का शव पड़ा था, जिसे देखकर सभी के होश उड़ गए. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

अनुपमा अपने परिवार में तीन बहनों और एक भाई में सबसे छोटी थी. उसके पिता किसान हैं. थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच की जा रही है.

बेऊर में मोबाइल विवाद में युवक की हत्या

इधर पटना के बेऊर थाना क्षेत्र के मखदुमपुर गांव में मोबाइल को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. बदमाशों ने दीपू कुमार (38) को पीट-पीटकर मार डाला. घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत

जानकारी के मुताबिक, 11 अप्रैल को मोबाइल विवाद को लेकर कुछ लोगों ने दीपू कुमार की बेरहमी से पिटाई की थी. गंभीर हालत में उन्हें पीएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान सोमवार को उनकी मौत हो गई. इस घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

मृतक की पत्नी प्रतिमा देवी ने इस मामले में छह लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है.पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रामप्रवेश राय (56) को गिरफ्तार कर लिया है और उसे जेल भेज दिया गया है. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो