नोएडा में मजदूरों का प्रदर्शन या पाकिस्तान की साजिश? 300 गिरफ्तार, जांच जारी
उत्तर प्रदेश के श्रम मंत्री ने नोएडा में सोमवार को हुए मजदूरों के प्रदर्शन को एक बड़ी साजिश बताया. उन्होंने इसे देश-विरोधी ताकतों की मिलीभगत करार दिया और जांच में पाकिस्तान कनेक्शन की भी संभावना जताई.

नोएडा में मजदूरों के विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा को उत्तर प्रदेश के श्रम मंत्री अनिल राजभर ने सोमवार को सुनियोजित षड्यंत्र बताया है. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में हालिया आतंकवाद संबंधी गिरफ्तारियों के बाद अधिकारियों द्वारा पाकिस्तान कनेक्शन की भी जांच की जा रही है. पुलिस ने अब तक करीब 300 लोगों को गिरफ्तार किया है.
मंत्री ने प्रारंभिक जांच के आधार पर संकेत दिया कि इस घटना का मकसद राज्य में अस्थिरता पैदा करना हो सकता है. राजभर ने बताया कि हाल ही में नोएडा और मेरठ से चार आतंक संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया, जिनके पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स से संबंध बताए जा रहे हैं.
राजभर ने सोमवार रात एक बयान में कहा, ऐसा प्रतीत होता है कि यह घटना राज्य के विकास और कानून व्यवस्था को बाधित करने के इरादे से अंजाम दी गई है. हाल के दिनों में मेरठ और नोएडा से चार संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके संबंध पाकिस्तान स्थित संचालकों से थे. ऐसे में राज्य में अस्थिरता पैदा करने की साजिश की संभावना और भी बढ़ जाती है. एजेंसियां पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं.
नोएडा में मजदूर प्रदर्शन हिंसा में बदला
फैक्ट्री मजदूरों द्वारा वेतन वृद्धि की मांग को लेकर शुरू हुए विरोध प्रदर्शन कई इलाकों में हिंसा में बदल गए. नोएडा के फेज-2, सेक्टर 60, सेक्टर 62 और सेक्टर 84 सहित विभिन्न हिस्सों में आगजनी, तोड़फोड़ और पथराव की घटनाएं हुईं. वाहनों को आग के हवाले किया गया, संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया और प्रमुख मार्गों पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भारी बल का इस्तेमाल किया और आंसू गैस के जरिए भीड़ को तितर-बितर किया.
300 गिरफ्तार, 100 से अधिक हिरासत में
पुलिस ने अब तक आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाओं से जुड़े करीब 300 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 100 से अधिक अन्य लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है. प्रशासन फैक्टरियों के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर उन लोगों की पहचान कर रहा है जो अशांति में शामिल थे.
मंत्री ने यह भी कहा कि यह अशांति मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुजफ्फरनगर कार्यक्रम को बाधित करने के इरादे से भी की गई हो सकती है. उन्होंने आरोप लगाया कि देश विरोधी ताकतें राज्य में अस्थिरता फैलाने की कोशिश कर रही हैं.
मजदूरों से शांति बनाए रखने की अपील
राजभर ने मजदूरों से अपील की कि वे शांत रहें और किसी भी उकसावे या गलत सूचना से प्रभावित न हों. राजभर ने कहा, उन्हें किसी भी भ्रामक जानकारी या उकसावे का शिकार नहीं होना चाहिए और शांति बनाए रखनी चाहिए. अराजकता और हिंसक विरोध प्रदर्शन किसी भी समस्या का समाधान नहीं हैं. सरकार श्रमिकों की हर चिंता सुनने के लिए तैयार है. उन्होंने आगे कहा, अराजकता और हिंसक विरोध प्रदर्शन किसी भी समस्या का समाधान नहीं हैं. सरकार आपकी चिंताओं को सुनने के लिए तैयार है.
मुख्यमंत्री के निर्देश पर संवाद के प्रयास
मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर वरिष्ठ अधिकारी नोएडा पहुंचे हैं और वे मजदूरों से सीधे संवाद कर उनकी शिकायतों का समाधान कर रहे हैं. प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी पहले से ही मौके पर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि श्रमेव जयते के सिद्धांत को जमीन पर उतारते हुए सरकार निरंतर मजदूर कल्याण के लिए काम कर रही है और विवादों के समाधान के लिए संवाद ही प्राथमिकता है.
स्थिति नियंत्रण में, पुलिस का बयान
प्रशासन ने कहा कि नोएडा में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. पुलिस और अर्धसैनिक बलों की भारी तैनाती की गई है और प्रभावित क्षेत्रों में सामान्य स्थिति बहाल करने के प्रयास जारी हैं. गौतम बुद्ध नगर कमिश्नरेट के विभिन्न थानों में सात मामले दर्ज किए गए हैं और अशांति के बाद कई असामाजिक तत्वों को हिरासत में लिया गया है.
मजदूरों के शांतिपूर्वक तितर-बितर होने के बाद, जिले के बाहर से एक समूह पड़ोसी जिलों से सटे इलाकों में पहुंचा. वे तनाव भड़काने और हिंसा उकसाने की कोशिश में इधर-उधर घूम रहे थे. हमने इस समूह के कुछ सदस्यों को हिरासत में ले लिया है और शेष व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ उचित कार्रवाई शुरू की जाएगी.
पुलिस ने यह भी बताया कि मजदूरों द्वारा उठाई गई पांच में से चार मांगें स्वीकार कर ली गई हैं. शेष मुद्दों पर एक उच्चस्तरीय समिति गठित की गई है और एक बैठक भी हो चुकी है. स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताते हुए पुलिस ने जनता से अफवाहों से दूर रहने और शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की.


