Weather Update: दिल्ली-NCR में तीन दिन झमाझम बारिश का अलर्ट, जानिए आपके राज्य में कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली में सोमवार को हुई बारिश ने गर्मी से राहत दिलाई. मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक दिल्ली-NCR में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है. वहीं, देश के कई हिस्सों में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है.

Weather Update: दिल्ली-NCR में सोमवार को काले बादलों ने आसमान को ढक लिया. कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली. अगले तीन दिनों तक राजधानी में तेज बारिश की संभावना जताई गई है.
मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में 22 से 24 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. इसके साथ ही तापमान में गिरावट और मौसम के सुहावने बने रहने की संभावना है.
दिल्ली में तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि दिल्ली में 22, 23 और 24 जुलाई को तेज बारिश हो सकती है. इस दौरान तेज हवाएं और बिजली गिरने की भी संभावना है. पूरे सप्ताह राजधानी में बादलों का डेरा बना रहेगा और तापमान में गिरावट जारी रहेगी.
इन राज्यों में भी होगी झमाझम बारिश
22 जुलाई को जम्मू-कश्मीर, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 7 दिनों तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में गरज के साथ बारिश हो सकती है.
महाराष्ट्र, कोंकण और गुजरात में भारी बारिश का अनुमान
22 से 27 जुलाई तक कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. मराठवाड़ा और गुजरात में भी 22 जुलाई को मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी गई है.
दक्षिण भारत में भी बारिश का जोर
दक्षिण भारत के राज्यों केरल, माहे, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और तमिलनाडु में भी 22 से 27 जुलाई के दौरान तेज बारिश और तूफानी हवाओं की संभावना है. मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है.
मध्य भारत में भारी बारिश की चेतावनी
26 और 27 जुलाई को पश्चिमी मध्य प्रदेश में बहुत भारी बारिश हो सकती है. वहीं, 25 से 27 जुलाई के दौरान पूर्वी मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में भी भारी वर्षा की संभावना है.
पूर्वोत्तर में भी सक्रिय रहेगा मानसून
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड और त्रिपुरा में 22 से 27 जुलाई के बीच भारी बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ तूफानी मौसम का अलर्ट जारी किया है. मछुआरों को 22 से 26 जुलाई तक विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.


