अमेरिका में बदलेगा कोका-कोला का स्वाद, ट्रंप बोले- अब होगा असली शक्कर का इस्तेमाल
डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि कोका-कोला अब अमेरिका में अपनी सॉफ्ट ड्रिंक में हाई-फ्रक्टोज कॉर्न सिरप की जगह असली गन्ना शक्कर का इस्तेमाल करेगी. उन्होंने कहा कि यह बदलाव उनके निजी अनुरोध पर हुआ है. हालांकि, कंपनी ने किसी स्पष्ट बदलाव की पुष्टि नहीं की है.

Donald Trump: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि कोका-कोला अब अमेरिकी बाजार में अपनी सॉफ्ट ड्रिंक में हाई-फ्रक्टोज कॉर्न सिरप की जगह असली गन्ना शक्कर (केन शुगर) का इस्तेमाल करेगी. ट्रंप का कहना है कि कंपनी ने यह फैसला उनके निजी अनुरोध पर लिया है और यह उपभोक्ताओं के लिए एक बेहद अच्छा कदम साबित होगा.
ट्रंप के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है, वहीं कोका-कोला ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी है, हालांकि उन्होंने किसी स्पष्ट बदलाव की पुष्टि नहीं की है. कंपनी ने ट्रंप के समर्थन की सराहना जरूर की, लेकिन यह नहीं कहा कि क्या वाकई उनकी ड्रिंक में अब केन शुगर का इस्तेमाल होगा.
कोका-कोला में अब असली गन्ना शक्कर
डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए लिखा, "मैं कोका-कोला से बात कर रहा था कि अमेरिका में कोक में असली गन्ना शक्कर का इस्तेमाल किया जाए, और उन्होंने ऐसा करने पर सहमति जताई है. मैं कोका-कोला के अधिकारियों का धन्यवाद करता हूं. यह उनका एक बेहतरीन फैसला होगा आप देखिएगा. यह बस बेहतर है!" ट्रंप के इस दावे ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी, जहां कई यूजर्स इसे अमेरिकी हेल्थ इंडस्ट्री में बड़ा बदलाव मान रहे हैं.
कोका-कोला की प्रतिक्रिया
ट्रंप के बयान पर कोका-कोला कंपनी ने एक संक्षिप्त बयान जारी करते हुए कहा, "हम कोका-कोला ब्रांड के प्रति राष्ट्रपति ट्रंप के उत्साह की सराहना करते हैं. हमारी प्रोडक्ट रेंज में आने वाले नए और इनोवेटिव विकल्पों के बारे में जल्द ही और जानकारी साझा की जाएगी." हालांकि कंपनी ने इस बयान में यह स्पष्ट नहीं किया कि वह हाई-फ्रक्टोज कॉर्न सिरप की जगह अब वास्तव में गन्ना शक्कर का इस्तेमाल करने जा रही है या नहीं.
दुनियाभर में पहले से कई बाजारों में केन शुगर का इस्तेमाल
गौरतलब है कि अमेरिका के बाहर जैसे मैक्सिको, यूके, मिडिल ईस्ट और अफ्रीका में कोका-कोला पहले से ही केन शुगर का इस्तेमाल करती है. 1985 में अमेरिका में शक्कर की कीमतें बढ़ने और कृषि सब्सिडी में बदलाव के चलते कंपनी ने हाई-फ्रक्टोज कॉर्न सिरप का इस्तेमाल शुरू किया था. अगर कोका-कोला अमेरिका में फिर से पूरी तरह केन शुगर की तरफ लौटती है, तो इसका सीधा असर अमेरिकी कॉर्न किसानों और खाद्य निर्माण उद्योग पर पड़ सकता है.
कॉर्न रिफाइनर्स एसोसिएशन ने जताई नाराजगी
कॉर्न रिफाइनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष और सीईओ जॉन बोड़े ने इस संभावित बदलाव की आलोचना करते हुए कहा, "हाई फ्रक्टोज कॉर्न सिरप को गन्ना शक्कर से बदलना हजारों अमेरिकी खाद्य निर्माण नौकरियों को नुकसान पहुंचाएगा, किसानों की आय को कम करेगा और विदेशी शक्कर का आयात बढ़ाएगा और इसका कोई पोषण संबंधी लाभ भी नहीं होगा."
ट्रंप और डाइट कोक का पुराना रिश्ता
ट्रंप और कोका-कोला का संबंध नया नहीं है. वे अपने कार्यकाल के दौरान डाइट कोक के बेहद शौकीन रहे हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ट्रंप अपने राष्ट्रपति काल में दिन में करीब 12 कैन डाइट कोक पीते थे. उन्होंने व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में एक रेड बटन भी लगवाया था, जिससे वे बटलर को डाइट कोक लाने के लिए बुला सकते थे. कोका-कोला के सीईओ जेम्स क्विंसी ने उनके दूसरे कार्यकाल के उद्घाटन से पहले उन्हें एक खास प्रेसिडेंशियल इनॉगुरल डाइट कोक बॉटल भी भेंट की थी.


