ईरान के मिसाइल हमले में सऊदी बेस पर अमेरिका के 5 विमान क्षतिग्रस्त, मध्य पूर्व में तनाव और बढ़ा
मध्य पूर्व में जारी ईरान और इजरायल-अमेरिका के संघर्ष के बीच सऊदी अरब के प्रिंस सुल्तान हवाई अड्डे पर बड़ा हमला हुआ है. रिपोर्ट के अनुसार, ईरान द्वारा दागी गई मिसाइलों की चपेट में अमेरिकी वायुसेना के पांच ईंधन भरने वाले विमान आ गए.

नई दिल्ली: मध्य पूर्व में जारी ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच संघर्ष लगातार तेज होता जा रहा है. इसी बीच सऊदी अरब के एक महत्वपूर्ण सैन्य अड्डे पर हुए मिसाइल हमले में अमेरिकी वायुसेना के कई विमान क्षतिग्रस्त होने की खबर सामने आई है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान द्वारा दागी गई मिसाइलों की चपेट में सऊदी अरब का प्रिंस सुल्तान हवाई अड्डा आया, जहां अमेरिका के ईंधन भरने वाले पांच विमान प्रभावित हुए. हालांकि इन विमानों को पूरी तरह नष्ट नहीं हुआ है और उनकी मरम्मत की जा रही है.
सऊदी अरब के प्रिंस सुल्तान एयरबेस पर हमला
वॉल स्ट्रीट जर्नल ने दो अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से बताया कि सऊदी अरब के प्रिंस सुल्तान हवाई अड्डे पर अमेरिकी वायुसेना के पांच ईंधन भरने वाले विमान (Refueling Planes) ईरानी मिसाइल हमलों में क्षतिग्रस्त हो गए.
रिपोर्ट के अनुसार, हाल ही में हुए इस हमले में विमानों को नुकसान जरूर पहुंचा है, लेकिन वे पूरी तरह तबाह नहीं हुए हैं. फिलहाल इन विमानों की मरम्मत की जा रही है.
बताया जा रहा है कि इस हमले में किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है.
मध्य पूर्व में बढ़ रही अमेरिकी सैन्य तैनाती
ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजरायल की सैन्य कार्रवाई शुरू होने के दो सप्ताह बाद अमेरिका ने क्षेत्र में अपनी सैन्य मौजूदगी बढ़ाने के संकेत दिए हैं.
वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि यूएसएस त्रिपोली और उससे जुड़े मरीन सैनिक मध्य पूर्व की ओर रवाना हो चुके हैं.
वहीं न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार, लगभग 2,500 अमेरिकी मरीन सैनिक तीन जहाजों पर सवार होकर इस क्षेत्र की ओर बढ़ रहे हैं.
तेहरान में रैली के बीच विस्फोट
ईरान की राजधानी तेहरान में उस समय बड़ा विस्फोट हुआ जब हजारों लोग एक रैली में शामिल थे. यह रैली फिलिस्तीनियों के समर्थन और इजरायल के खिलाफ आयोजित की गई थी.
एसोसिएटेड प्रेस के अनुसार, तेहरान के केंद्रीय फिरदौसी चौक के पास जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरा इलाका दहल गया. उस समय वहां बड़ी संख्या में लोग वार्षिक कुद्स दिवस रैली के लिए जुटे थे और 'इजरायल मुर्दाबाद' तथा 'अमेरिका मुर्दाबाद' के नारे लगा रहे थे.
यह विस्फोट इजरायल की उस चेतावनी के बाद हुआ, जिसमें उसने मध्य तेहरान को निशाना बनाने की बात कही थी.
तेल अवीव में भी सुने गए धमाके
इस बीच एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार, इजरायल के वाणिज्यिक केंद्र तेल अवीव में भी कई विस्फोटों की आवाज सुनी गई.
ये धमाके उस समय सुनाई दिए जब इजरायली सेना ने चेतावनी दी थी कि ईरान की ओर से मिसाइलें दागी गई हैं.
ट्रंप का दावा- ईरान सरेंडर करने वाला है
लगातार हो रहे हमलों के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान जल्द ही आत्मसमर्पण कर सकता है.
'एक्सियोस' की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने जी-7 नेताओं के साथ डिजिटल बैठक के दौरान 'ऑपरेशन एपिक फ्यूरी' की सफलता का जिक्र करते हुए यह दावा किया.
उन्होंने कहा, "मैंने एक ऐसे कैंसर से छुटकारा दिलाया है जो हम सभी के लिए खतरा था."
जी-7 नेताओं ने युद्ध खत्म करने की अपील की
खबर के अनुसार, ईरान के साथ जारी संघर्ष के आर्थिक प्रभावों को लेकर बढ़ती चिंता के बीच जी-7 नेताओं ने ट्रंप से जल्द युद्ध समाप्त करने की अपील की.
दो अधिकारियों के हवाले से बताया गया कि फोन पर हुई बातचीत में जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री केअर स्टार्मर और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने ट्रंप से कहा कि रूस को इस युद्ध का फायदा उठाने या प्रतिबंधों में राहत पाने का मौका नहीं मिलना चाहिए.


