21 साल की उम्र में रचा इतिहास! भारतीय मूल की कृषांगी मेश्राम बनीं ब्रिटेन की सबसे युवा सॉलिसिटर
भारतीय मूल की 21 वर्षीय कृषांगी मेश्राम इंग्लैंड और वेल्स की सबसे कम उम्र की सॉलिसिटर बनीं, जिन्होंने 15 साल की उम्र में कानून की पढ़ाई शुरू कर 18 साल की उम्र में ऑनर्स डिग्री हासिल की.

Krishangi Meshram: भारतीय मूल की युवा प्रतिभा कृषांगी मेश्राम ने वैश्विक स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है. 21 साल की उम्र में उन्होंने इंग्लैंड और वेल्स की सबसे कम उम्र की सॉलिसिटर बनने का गौरव प्राप्त किया है. पश्चिम बंगाल में जन्मी और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में रहने वाली कृषांगी की ये उपलब्धि भारतीयों के लिए गर्व की बात है. कृषांगी ने अपनी मेहनत और लगन से बहुत कम उम्र में कानूनी शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए. उन्होंने 15 साल की उम्र में कानून की पढ़ाई शुरू की और 18 साल की उम्र में प्रथम श्रेणी से ऑनर्स डिग्री प्राप्त कर ली.
विश्वविद्यालय को दिया अपनी सफलता का श्रेय
कृषांगी मेश्राम ने अपनी सफलता का श्रेय मिल्टन कीन्स स्थित ओपन यूनिवर्सिटी (OU) को दिया. उन्होंने कहा कि मैं ओपन विश्वविद्यालय की बहुत आभारी हूं कि उन्होंने मुझे केवल 15 साल की उम्र में एलएलबी की पढ़ाई शुरू करने का मौका दिया. अपनी पढ़ाई के दौरान ही मैंने ना सिर्फ अपने कानूनी करियर की अकादमिक नींव रखी, बल्कि कानून के प्रति एक गहरा और स्थायी जुनून भी पाया.
हाल ही में ओपन यूनिवर्सिटी ने 'लॉ ग्रेजुएट कृषांगी ने एक बार फिर रचा इतिहास' शीर्षक से एक फीचर प्रकाशित कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की. ये फीचर उनकी लगन और प्रतिभा का प्रमाण है.
कृषांगी मेश्राम का जीवन और शिक्षा
कृषांगी का जन्म पश्चिम बंगाल में हुआ और वो इस्कॉन मायापुर समुदाय में पली-बढ़ीं. उन्होंने केवल 15 साल की उम्र में मायापुर के एक अंतरराष्ट्रीय स्कूल से अपनी माध्यमिक शिक्षा पूरी की. इसके बाद उन्होंने ओपन यूनिवर्सिटी में दाखिला लिया और तीन साल में ही लॉ की डिग्री पूरी कर ली. 18 साल की उम्र में वे ओयू की अब तक की सबसे कम उम्र की लॉ ग्रेजुएट बन गईं. इसके बाद साल 2022 में उन्हें एक अंतरराष्ट्रीय लॉ फर्म में नौकरी मिली.
अंतरराष्ट्रीय अनुभव और भविष्य की योजना
कृषांगी ने हार्वर्ड ऑनलाइन के वैश्विक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और सिंगापुर में काम करके पेशेवर अनुभव भी प्राप्त किया. वर्तमान में वे यूके और यूएई में कानूनी अवसरों की तलाश में हैं. उनकी रुचि के क्षेत्र फिनटेक, ब्लॉकचेन, एआई और वसीयत व प्रोबेट से जुड़ी निजी कानूनी सेवाएं हैं. कृषांगी का लक्ष्य बड़े अंतरराष्ट्रीय कानूनी संस्थानों के साथ काम कर अनुभव अर्जित करना है. वे व्यवसायों और निजी मुवक्किलों के लिए कानूनी सेवाओं में विशेषज्ञता प्राप्त करना चाहती हैं. उनका फोकस डिजिटल तकनीकों और मुवक्किल-केंद्रित कानूनी सेवाओं पर रहेगा.


