लेबनान ने ईरान के राजदूत को दिखाया बाहर का रास्ता, 'पर्सोना नॉन ग्रेटा' घोषित होने पर इजरायल ने जाहिर की खुशी

इजरायल-अमेरिका के साथ खराब रिश्ते के बीच ईरान का लेबनान से भी राजनयिक संबंधों में गहरी दरार आ गई है. लेबनान सरकार ने ईरान के मनोनीत राजदूत मोहम्मद रजा शिबानी को ‘पर्सोना नॉन ग्रेटा’ घोषित कर दिया है.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: लेबनान और ईरान के बीच राजनयिक संबंधों में गहरी दरार आ गई है. लेबनान सरकार ने ईरान के मनोनीत राजदूत मोहम्मद रजा शिबानी को ‘पर्सोना नॉन ग्रेटा’ घोषित कर दिया है. इसका मतलब है कि अब वे लेबनान में कदम नहीं रख सकेंगे.

लेबनान के विदेश मंत्री यूसुफ रागी ने 29 मार्च तक उन्हें देश छोड़ने का आदेश दे दिया है. मंत्री ने इस फैसले की जानकारी खुद एक्स पर पोस्ट करके दी. ईरानी चार्ज द’अफेयर्स को विदेश मंत्रालय बुलाकर यह निर्णय औपचारिक रूप से सौंपा गया.

इजरायल ने किया फैसले का स्वागत

इजरायल ने लेबनान के इस कदम का खुलकर स्वागत किया है. इजरायली विदेश मंत्री गिदोन सार ने कहा कि यह फैसला पूरी तरह जायज है क्योंकि ईरान लेबनान के आंतरिक मामलों में लगातार हस्तक्षेप कर रहा है. सार ने लेबनान को सलाह दी कि उसे हिज्बुल्लाह के खिलाफ ठोस और व्यावहारिक कार्रवाई करनी चाहिए, क्योंकि हिज्बुल्लाह के लोग अभी भी लेबनानी सरकार में शामिल है.

ईरान पर नया आरोप

इजरायल डिफेंस फोर्सेज (IDF) ने दावा किया कि ईरान ने लेबनान की तरफ बैलिस्टिक मिसाइलें दागी, जिनमें से एक बेरूत में गिर गई. IDF ने कहा, “ईरान किसी के नुकसान की परवाह नहीं करता.” इस घटना के बाद बेरूत के दक्षिणी इलाकों में तनाव और बढ़ गया. इजरायली सेना ने बेरूत के सात इलाकों के लोगों को तुरंत वहां से हटने का आदेश दिया है.

हिज्बुल्लाह के ठिकानों पर कार्रवाई जारी

इजरायली सेना ने बताया कि हिज्बुल्लाह के ठिकानों पर हमले जारी रहेंगे. लेबनान की आधिकारिक समाचार एजेंसी के अनुसार, एक विदेशी नौसेना जहाज द्वारा की गई मिसाइल इंटरसेप्शन का मलबा बेरूत के उत्तर में कई कस्बों पर गिरा, जिससे कुछ लोग हल्के रूप से घायल हो गए.

इजरायल ने यह भी दावा किया कि बेरूत के हज़्मिएह इलाके में की गई कार्रवाई में ईरान की कुद्स फोर्स से जुड़े मोहम्मद अली कौरानी को मार गिराया गया. कुद्स फोर्स ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की महत्वपूर्ण शाखा मानी जाती है.

दोनों देशों के रिश्ते तनावपूर्ण

ईरान लंबे समय से लेबनान में हिज्बुल्लाह के माध्यम से अपना प्रभाव बनाए हुए है. लेबनान सरकार का यह कदम दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव को साफ दिखाता है. अभी ईरान की ओर से इस घटना पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो